
Raipur Traffic Route: रायपुर रेलवे स्टेशन का बदलेगा ट्रैफिक रूट! (photo-patrika)
Raipur Traffic Route: छत्तीसगढ़ के राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन में पुनर्विकास योजना के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया जा रहा है। सोमवार रात 11 बजे से स्टेशन के मुख्य गेट नंबर-2 पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद कर दी जाएगी। इसके साथ ही गेट नंबर-2 से प्लेटफॉर्म-1 की ओर जाने वाली सीधी आवाजाही भी बंद रहेगी। रेलवे पहले कुछ दिनों तक बदले हुए ट्रैफिक रूट का ट्रायल करेगा। व्यवस्था ठीक रहने पर गेट नंबर-2 में तोड़फोड़ और पुनर्विकास का काम शुरू किया जाएगा। स्टेशन के कायाकल्प के तहत यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी है।
गेट नंबर-2 बंद होने के बाद स्टेशन आने-जाने वाले वाहनों के लिए नया रूट निर्धारित किया गया है। रेलवे की ओर से इसके लिए रोडमैप भी तैयार किया गया है। ट्रैफिक बदलाव के बाद कुछ दिनों तक व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। इस दौरान यह देखा जाएगा कि नए रूट से जाम और यातायात संबंधी परेशानियां कम हो रही हैं या नहीं।
एक्सप्रेस-वे की ओर से स्टेशन आने वाले वाहन वीआईपी गेट तक पहुंच सकेंगे। इसके बाद वाहन चालक एक्सप्रेस-वे की ओर वापस जा सकेंगे या फाफाडीह रूट का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, गुरुद्वारा के सामने वाले गेट से आने वाले वाहन गेट नंबर-3 तक जा सकेंगे।
गेट नंबर-2 स्टेशन में प्लेटफॉर्म-1 तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता था। यहां वाहन से उतरने के बाद यात्री सीधे प्लेटफॉर्म-1 की ओर जा सकते थे। अब यह सुविधा बंद हो जाएगी। रेलवे पहले ही इस हिस्से में मौजूद टिकट काउंटर को आरक्षण केंद्र वाली बिल्डिंग में शिफ्ट कर चुका है।
गेट नंबर-2 के सामने खड़े होने वाले ऑटो को भी नए स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। रूट डायवर्जन के बाद ऑटो को ऑटो स्टैंड के पीछे स्थित पुराने कार पार्किंग एरिया में खड़ा कराया जाएगा। स्टेशन के सामने अन्य स्थानों पर खड़े होने वाले वाहनों को भी हटाया जाएगा।
रायपुर रेलवे स्टेशन की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पिछले एक साल में रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और ट्रैफिक पुलिस के बीच करीब छह बार बैठकें हो चुकी हैं। हर बैठक में अलग-अलग ट्रैफिक प्लान पर सहमति बनी, लेकिन अब तक कोई व्यवस्था स्थायी रूप से लागू नहीं हो सकी। स्टेशन के सामने सुबह और शाम के समय अक्सर लंबा जाम लगता है। अब पुनर्विकास योजना के साथ ट्रैफिक रूट में किए जा रहे बदलाव से रेलवे को व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
Updated on:
31 Aug 2026 08:03 am
Published on:
31 Aug 2026 08:02 am
