26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CG News: बकाया टैक्स नहीं चुकाने पर निगम सख्त, राजधानी में दो स्कूलों पर लगा ताला

CG News: रायपुर में नगर निगम ने टैक्स बकाया होने पर होलीक्रॉस के दो स्कूलों को सील कर दिया। बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने पर यह सख्त कार्रवाई की गई।
2 min read
Google source verification

रायपुर

image

Laxmi Vishwakarma

image

अजय रघुवंशी

Mar 31, 2026

होलीक्रॉस के दो स्कूल सील (photo source- Patrika)

होलीक्रॉस के दो स्कूल सील (photo source- Patrika)

CG News: रायपुर में नगर निगम ने टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निगम के जोन क्रमांक 4 के राजस्व विभाग ने आयुक्त के निर्देश पर होलीक्रॉस समूह के दो स्कूलों को सील कर दिया। यह कार्रवाई लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रहने और नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने के चलते की गई।

CG News: दोनों परिसर तत्काल प्रभाव से सील

नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि होलीक्रॉस स्कूल बैरनबाजार पर करीब 34 लाख रुपए का टैक्स बकाया था, जबकि शैलेन्द्र नगर स्थित होलीक्रॉस स्कूल पर लगभग 24 लाख रुपए का बकाया लंबित था। कई बार नोटिस जारी करने और चेतावनी देने के बावजूद जब स्कूल प्रबंधन ने राशि जमा नहीं की, तब निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों परिसरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने स्कूल परिसर में ताला लगाकर नोटिस चस्पा किया और स्पष्ट कर दिया कि बकाया राशि जमा होने तक सील नहीं खोली जाएगी। इस कार्रवाई से अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है। इधर, जैसे ही इस कार्रवाई की जानकारी अन्य संस्थानों तक पहुंची, होलीक्रॉस स्कूल कांपा प्रबंधन ने तुरंत सक्रियता दिखाई और अपना पूरा बकाया निगम में जमा कर दिया। समय रहते भुगतान किए जाने के कारण उस स्कूल पर सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई।

चरणबद्ध तरीके से की जा रही कार्रवाई

CG News: नगर निगम कमिश्नर ने साफ कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी बकायेदार को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों और संस्थानों से अपील की है कि वे समय पर अपना टैक्स जमा करें, ताकि इस तरह की कड़ी कार्रवाई से बचा जा सके। निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में कई ऐसे बड़े संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जिन पर लंबे समय से टैक्स बकाया है। इन सभी के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर नगर निगम के लिए प्रॉपर्टी टैक्स राजस्व का प्रमुख स्रोत है, जिससे शहर में सड़क, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए खर्च किया जाता है। पिछले कुछ समय से निगम ने टैक्स वसूली को लेकर सख्ती बढ़ाई है, क्योंकि कई संस्थान और निजी संपत्तियां लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं कर रही थीं। इसी के तहत निगम अब बड़े बकायेदारों पर फोकस करते हुए सीलिंग, नोटिस और अन्य कानूनी कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से टैक्स कलेक्शन में सुधार होगा और शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।