
देर रात शातिर ने उड़ाए शूज़ (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Branded Shoes Theft: छत्तीसगढ़ में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आमतौर पर चोर घरों से नकदी, जेवरात और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं, लेकिन राजधानी रायपुर से चोरी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक शातिर चोर की नजर न तो लाखों की नकदी पर है और न ही सोने-चांदी के जेवरों पर, बल्कि वह देर रात घरों के बाहर रखे महंगे और ब्रांडेड जूतों को निशाना बना रहा है। लगातार हो रही इन वारदातों से इलाके के लोग दहशत में हैं।
जानकारी के मुताबिक, मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर का है। यहां पिछले कुछ दिनों से एक अज्ञात चोर सक्रिय है, जो रात के अंधेरे में कॉलोनी के अलग-अलग मकानों के बाहर रखे ब्रांडेड जूते (Branded Shoes Theft) और अन्य सामान चोरी कर रहा है। 8 जुलाई की देर रात भी आरोपी ने कई घरों के बाहर रखे महंगे जूतों और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सबसे खास बात यह है कि आरोपी की पूरी करतूत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर देर रात कॉलोनी में घूमता है और घरों के बाहर रखे ब्रांडेड जूतों को उठाकर फरार हो जाता है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से राजीव नगर के रहवासी चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि पहले घरों के बाहर जूते रखना सामान्य बात थी, लेकिन अब चोरी के डर से उन्हें अपने जूते भी घर के अंदर रखने पड़ रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल खम्हारडीह थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Updated on:
10 Jul 2026 04:51 pm
Published on:
10 Jul 2026 04:50 pm
