
प्रतीकात्मक तस्वीर
Chhattisgarh News: करीब एक महीने से अपने पति को छोड़कर दूसरे के साथ नेपाल चली गई 24 वर्षीय पत्नी को ढूंढने के लिए एक युवक ने अनोखा तरीका अपनाया। उसने नेपाल में हुई तबाही के बाद जारी टोल फ्री नंबर में अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी। दूसरे दिन नेपाल में उसकी तलाश शुरू हो गई। इसके बाद रात में ही वीडियो कॉल से युवती की बात कराई गई। इससे उसके नेपाल में जिंदा रहने का पता चला। साथ ही यह भी खुलासा हो गया कि युवती किसी दूसरे युवक के साथ रह रही है।
पूरा मामला डीडी नगर इलाके का है। डीडी नगर इलाके के 25 वर्षीय युवक की धमतरी इलाके की 24 वर्षीय युवती से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों ने दिसंबर 2025 में अंतरजातीय विवाह किया। कुछ दोनों के बीच संबंध मधुर रहे। इसके बाद युवती ने अचानक युवक का घर छोड़ दिया। उसने मोबाइल भी बंद कर दिया। पति ने 25 जुलाई 2026 को डीडी नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। उसका कुछ पता नहीं चल पाया था। इस बीच युवक को पता चला कि वह नेपाल में है। लेकिन उससे बातचीत नहीं हो पा रही थी, पुलिस भी उसकी तलाश नहीं कर पा रही थी।
नेपाल में बुधवार को भयंकर तबाही हुई। इससे लापता लोगों की तलाश के लिए केंद्र के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार ने भी टोलफ्री नंबर जारी किया था। युवक ने टोल फ्री नंबर 1070 और कंट्रोल रूम नंबर 0771-2223471 में कॉल करके युवती को नेपाल के बाढ़ में लापता होना बताया। इसके बाद शासन स्तर पर नेपाल सरकार से संपर्क किया गया। वहां युवती की तलाश शुरू हुई। युवती नेपाल के जनकपुर में सही सलामत मिली। गुरुवार रात को डीडी नगर पुलिस ने युवती से वीडियो कॉल पर बात की।
पुरानी बस्ती एसीपी देवांश राठौर ने बताया कि लापता युवती को दस्तयाब कर लिया गया है। वह नेपाल में सुरक्षित है। टोल फ्री नंबर पर सूचना दी गई थी। युवती के गुमशुदा का मामला डीडी नगर में पंजीबद्ध था।
Updated on:
28 Aug 2026 10:36 am
Published on:
28 Aug 2026 10:36 am
