
CG News: एक महिला को बेटी होने पर प्रताड़ित किया गया। फर्जी दस्तावेज बनाकर उसे जायदाद से भी बेदखल कर दिया गया। इसकी शिकायत थाने में की गई है। पीड़िता की मां शारदा त्यागी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री रेखा की शादी सुंदरनगर निवासी अमरनाथ त्यागी के बेटे सूर्यकांत त्यागी से वर्ष 1999 में हुई थी। शादी के बाद से उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। बाद में फर्जी दस्तावेज बनाकर उनके हक की वसीयतशुदा ग्राम जोरा की करीब 6.5 एकड़ जमीन को अपने नाम पर राजस्व रेकॉर्ड में दर्ज करवा लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा से शादी के बाद सूर्यकांत ने पुत्र की चाह में 3 बार दबावपूर्वक गर्भपात करवाया। चौथी बार लिंग परीक्षण में पुत्र होने पर 4 दिन बाद उसे अस्पताल ले गए। वे शुभ मुहूर्त में ही डिलीवरी कराना चाहते थे।
इसी लापरवाही के चलते रेखा ने मृत पुत्र को जन्म दिया। प्रताड़ना से परेशान होकर रेखा अपने चाचा ससुर हरिसिंह त्यागी के साथ अपने मायके मेरठ चली गई। फिर ससुर अमरनाथ वर्ष 2006 में रेखा व उसके चाचा ससुर हरिसिंह त्यागी को रायपुर लाए। कुछ माह बाद हरिसिंह की अस्पताल में मृत्यु हो गई।
सभी झूठे आरोप, हड़पना चाहते हैं जमीन: त्यागी
अपने और बेटे के ऊपर लगे गंभीर आरोप के संबंध में इंजीनियर अमरनाथ त्यागी का कहना है कि जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे सभी झूठे हैं। शारदा का परिवार आपराधिक पृष्ठभूमि वाला है। वे फर्जी वसीयत के आधार पर हमारी संपत्ति हड़पना चाहते हैं। बहू रेखा का ब्रेनवॉश कर दिया गया है। उन्हें कभी सामने नहीं लाते हैं। बहू को हमारे परिवार ने कभी प्रताड़ित नहीं किया है।
अवैध प्लाटिंग कर बेचने का विरोध किया तो निकाला घर से
इस बीच रेखा ने एक बेटी को जन्म दिया। इससे सूर्यकांत व अन्य उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। घर में मां-बेटी को कमरे में बंद करके रखा जाता था। इस बीच रेखा के हक की भूमि को कुटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपने नाम पर दर्ज कर लिया। फिर अवैध प्लाटिंग करके बेचने लगे। इसका विरोध करने पर रेखा को घर से निकाल दिया।
इसके बाद रेखा अपने मायके मेरठ वापस आ गई। दरअसल रेखा के चाचा ससुर ने अपनी संपत्ति रेखा के नाम पर वसीयतनामा किया था। शारदा ने बताया कि इस संबंध में अमरनाथ व उसके बेटे के खिलाफ तेलीबांधा थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। अब फिर पूरे मामले की शिकायत थाना प्रभारी, एसएसपी सहित राजस्व अधिकारियों से की गई है। अपनी बेटी के हक और न्याय की मांग की गई है।
Published on:
18 May 2025 10:51 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
