11 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में बड़ा हादसा! पेट्रोल पंप में लगी भीषण आग, धमाकों से दहला बाजार, 13 लोग झुलसे

Petrol Pump Fire: एमपी के पचोर में बीच बाजार में पेट्रोल पम्प पर लगी आग। पेट्रोल- डीजल टैंक सहित 15 बाइक जलकर खाक। पेट्रोल भरवाने लगी थी कतार।

2 min read
Google source verification
mp news petrol pump fire rajgarh 11 people burnt many bikes burnt

petrol pump fire in rajgarh 11 people burnt (फोटो- Patrika.com)

(रिपोर्ट- राजेश विश्वकर्मा, राजगढ़)

mp news: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जिले के पचोर शहर के बीच स्थित चुन्नालाल -मुन्नालाल पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात आग लग गई। आग भभकी तो 13 लोग झुलस गए, करीब 15 बाइक और एक टैंक जलकर खाक हो गया। रात करीब 8.30 बजे पेट्रोल भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतार लगी थी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर बाहर निकला, इसी दौरान अचानक उसमें आग (Petrol Pump Fire)लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में करीब 15 मोटरसाइकिलें उसकी चपेट में आ गईं।

हादसे में पुरानी पचोर निवासी बलराम पिता कपिल गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि अन्य 10 लोग भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही बाइक सवार घबराकर वाहन छोड़कर भाग गया। इसी दौरान आग लगी बाइक लुढ़कते हुए पेट्रोल टैंकर के नजदीक पहुंच गई। टैंकर के पास पहुंचते ही आग तेजी से भभक उठी और आसपास खड़ी अन्य मोटरसाइकिलों तक फैल गई। कुछ ही सेकंड में पूरा पेट्रोल पंप धुएं और आग की लपटों से घिर गया।

जान बचाने इधर-उधर भागने लगे

हादसे के बाद वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने अपनी बाइक हटाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन बचाने का मौका ही नहीं मिला। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल फायर सेफ्टी उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल भी मौके पर पहुंच गया। करीब पांच मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पचोर अस्पताल पहुचे घायल, गंभीर राजगढ़ रेफर

घायलों को तत्काल पचोर अस्पताल पहुंचाया गया। चार लोग गंभीर रूप से घायल है। गंभीर रूप से झुलसे बलराम गुर्जर की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। आगजनी में कई बाइकें पूरी तरह जल गईं, जबकि पेट्रोल पंप परिसर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने क्षेत्र को खाली कराते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक तौर पर बाइक में तकनीकी खराबी या पेट्रोल रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। टीआई शकुंतला बामनिया ने बताया कि अभी हालात सामान्य है। वहीं, बीच शहर हुए इस हादसे ने पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा इंतजामों और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। (mp news)