
bhind ratlam express hits pickup on track (Patrika.com)
(रिपोर्ट- वीरेंद्र जोशी, ब्यावरा)
Rail Accident Averted: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बड़ा रेल हादसा टल गया। ब्यावरा स्थित रुठियाई- मक्सी रेलखंड के जलालपुरा फाटक के पास बीती रात पिकअप वाहन भिंड- रतलाम एक्सप्रेस से टकरा गया। रात 1.40 बजे हुए इस हादसे के बाद बड़ा हादसा टल गया। साथ ही रेलवे ट्रैक पर तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। हादसे की सूचना पर उज्जैन से दूसरा डीजल इंजन बुलवाया, तब कहीं जाकर ट्रेन आगे बढ़ सकी। इस दौरान दो पैसेंजर ट्रेनों को डेढ़ से लेकर दो घंटे तक ब्यावरा व रुठियाई स्टेशन पर रोककर रखना पड़ा।
दरअसल नारायणगढ ख़ेड़ा पड़ाना निवासी महेश पुत्र मांगीलाल यादव 40 साल अपने पिकअप वाहन नंबर एमपी 42 जेड सी 9994 से जलालपुरा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां प्लास्टिक लेने गया था। वह वहां से देर रात करीब साढ़े 12 बजे वाहन में प्लास्टिक ड्रम लादकर वापस लौटा था, तभी जलालपुरा अंडरपास का अंधामोड़ रात के अंधेरे में उसे ठीक से नजर नहीं आया और वह अपने तेज रफ्तार वाहन को लेकर सामने चला जा रहा था, तभी ट्रैक के पास पड़े मिट्टी के ढेर पर चढ़ता हुआ वाहन वह सीधे बीच ट्रैक पर जा फंसा। चालक ने वाहन को ट्रैक से निकालने की कोशिश की लेकिन जब वह इसमें सफल नहीं हो सका तो रात को ही अपने रिश्तेदार को सूचना देकर उनके आने के इंतजार में ट्रैक से दूर जाकर एक तरफ बैठ गया। रिश्तेदार वाहन निकलवाने में मदद करने पहुंच पाता उसके पहले ही गुना से उज्जैन की ओर जा रही थी ट्रेन नंबर 21126 भिंड- रतलाम एक्सप्रेस वहां से गुजरी जो सीधे पिकअप वाहन से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि, पिकअप वाहन के मौके पर ही परखच्चे उड़ गए। पूरा वाहन दो से तीन टुकड़ों में बंटकर दूर जा फिका। साथ ही पैसेंजर ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। आरपीएफ के अनुसार, टक्कर से इंजन का व्हील कवर, व्हील एक्सल, प्रेशर, कैटल गार्ड आदि टूटकर वहीं बिखर गए। हादसे के बाद हड़बड़ाहट में पायलट ने ट्रेन वहीं रोकी। बीच जंगल में आधी रात को हुए इस हादसे से ट्रेन में सवार यात्रियों की सांसें फूल गई। हादसे की सूचना पायलट ने सिंदूरिया स्टेशन पर दी, वहां से भोपाल कंट्रोलर को अवगत कराकर दूसरा इंजन भिजवाने कहा गया। वहीं पायलट जैस- तैसे क्षतिग्रस्त इंजन से ट्रेन को खींचकर सिंदूरिया स्टेशन तक लेकर आया।
वहीं कंट्रोलर की सूचना पर उज्जैन स्टेशन पर मौजूद दूसरा डीजल इंजन सिंदूरिया बुलवाया गया, जहां से वह ट्रेन को खींचकर ले गया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक ट्रैक पर रेल यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।
हादसे के बाद भिंड- रतलाम घटनास्थल तो रतलाम भिंड एक्सप्रेस ट्रेन ब्यावरा स्टेशन पर खड़ी रही। उधर गुना की ओर से आ रही हिमाचल ऊना एक्सप्रेस ट्रेन को करीब डेढ़ से दो घंटे तक रुठियाई स्टेशन पर रोकना पड़ा।
हादसे के बाद ब्यावरा आरपीएफ ने क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही चालक महेश यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत यात्रियों के जान माल को खतरा पैदा करने और रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। हालांकि हादसे में क्षतिग्रस्त हुए इंजन में कुल कितना नुकसान हुआ है उसका अभी तक आंकलन नहीं हो पाया है। इंजन को रेल फैक्ट्री भेजा जाएगा, वहीं पर इंजन में हुए नुकसान का आंकलन होगा।
Published on:
08 Jun 2026 05:58 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
