
राजगढ़. मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव के खत्म होते ही चुनावी रंजिशों के मामले निकलकर सामने आने लगे हैं। कहीं प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट की खबरें सामने आ रही हैं तो कहीं पर गांव में बवाल मचने की। इसी बीच राजगढ़ से भी एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। आरोप है कि यहां हार के बाद सरपंच प्रत्याशी के समर्थकों ने बीजेपी के मंडल महामंत्री को जहर खिला दिया। बीजेपी नेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना राजगढ़ जिले के कालीपीठ गांव की है।
चुनाव खत्म, रंजिश शुरू
चुनाव खत्म होते रंजिश का मामला राजगढ़ जिले के कालीपीठ पंचायत का है। अस्पताल में भर्ती भाजपा के कालीपीठ मंडल महामंत्री लखन वर्मा के भाई का आरोप है कि सरपंच चुनाव में हारने वाले नारायण सिंह परिहार के समर्थकों ने उसे जबरदस्ती जहर खिलाया है। उसने बताया कि सरपंच चुनाव में मिली हार के बाद नारायण सिंह उनके घर आया और पूछा कि तुम्हारे घर में 10 सदस्य हैं किस-किसने मुझे वोट दिया है। तो लखन ने जवाब देते हुए कहा कि 5 वोट आपको दी थीं और 5 वोट दूसरे प्रत्याशी को। जिस पर नारायण सिंह भड़क गया और विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
भाजपा नेता को पिलाया जहर
भाजपा नेता लखन वर्मा के भाई ने बताया कि जान से मारने की धमकी देने के बाद नारायण सिंह घर से चला गया और फिर दूसरे दिन सुबह फिर से उनके घर समर्थकों के साथ पहुंचा गालियां देते हुए मारपीट कर दी। चुनाव में मिली हार के लिए उनके परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए नारायण के साथ आए लोगों ने जबरदस्ती भाई लखन को पकड़ा और उसके मुंह में जहर डाल दिया। बता दें कि सरपंच चुनाव में गांव दो लोगों के बीच मुख्य मुकाबला था जिनके नारायण सिंह और गुजरात सौंधिया हैं। चुनाव में गुजरात सौंधिया ने नारायण सिंह को 43 वोट से हराया है।
Updated on:
28 Jun 2022, 8:18 PM IST
Published on:
28 Jun 2022, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.