11 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मातृशक्ति ने कहा- राजनीति में स्वच्छता लाने के लिए महिलाओं का आगे आना सबसे जरूरी

पत्रिका के महाअभियान चेंजमेकर पर चर्चा के लिए जुटी महिलाएं
5 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

राजनंदगांव

•

image

Nakul Ram Sinha

•

Updated: 31 May 2018, 11:19 PM IST

system

मातृशक्ति ने कहा- राजनीति में स्वच्छता लाने के लिए महिलाओं का आगे आना सबसे जरूरी

राजनांदगांव. 'राजनीति को स्वच्छ करने के लिए महिलाओं को बिना हिचक आगे आना होगा। महिलाओं को पहले खुद से, फिर अपने घर से और फिर अपने पड़ोस से शुरूआत करनी होगी। इसके बाद समाज और फिर देश में बदलाव लाना होगा। महिलाएं ऐसा कर सकती हैं। लोकसभा से लेकर हर स्तर के चुनाव के वक्त मिलने वाले प्रलोभन को महिलाएं ही इंकार कर सकती हैं और ऐसा होने के बाद ही अच्छे लोग राजनीति में अच्छा मुकाम हासिल कर सकते हैं। आमतौर पर देखा गया है कि महिलाएं राजनीति को अपने लिए सही नहीं मानतीं। दूसरे हर फिल्ड में जाना चाहती हैं लेकिन राजनीति से किनारा करती हैं। यह भ्रम टूटना चाहिए। महिलाओं को आगे आना होगा। समाज के लोग जो एक छवि बनाकर रखे हुए हैं कि राजनीति में शामिल महिलाएं सही नहीं, यह गलत धारणा को मन से निकालना होगा। महिलाएं ही राजनीति में स्वच्छता लाने के लिए सक्षम हैं।

ये बातें पत्रिका अखबार के महाअभियान स्वच्छ करें राजनीति... राजनीति से नाता जोड़ो यानि चेंजमेकर... बदलाव के नायक के तहत गुरूवार को राजनांदगांव पत्रिका कार्यालय में जुटीं अलग-वर्ग की महिलाओं ने बेबाकी से कहीं। महिलाओं ने कहा कि वास्तव में मौजूदा समय में देश की राजनीति में सफाई अभियान चलाए जाने की जरूरत है। राजनीति में शुचिता की बात होती है लेकिन यह धरातल पर नहीं है। इस स्थिति को बदलना होगा। यह तय है कि ऐसा तभी हो पाएगा जब महिलाओं की राजनीति में भागीदारी हो और महिलाएं समाज में खुलकर सामनें आएं। महिलाओं ने राजनीति में आने को लेकर महिलाओं के भीतर के संकोच को भी खत्म करने की बात की।

हर वर्ग ने की भागीदारी
चेंजमेकर... बदलाव के नायक अभियान के तहत नारी शक्ति की संगोष्ठी में समाजसेवा के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के अलावा प्रशासन में काम करने वाली महिलाएं शामिल हुईं। छात्र राजनीति में जुड़ी युवतियों ने अपनी बात बेबाकी से रखीं तो गृहणियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। राजनीतिक क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं ने भी राजनीति में स्वच्छता पर जोर दिया तो शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं ने भी समाज को संदेश देने का काम किया।

पत्रिका के अभियान को सबने सराहा
पत्रिका समाचार पत्र के इस अभियान की उपस्थित नारी शक्ति ने खुलकर सराहना की। महिलाओं ने कहा कि हमेशा समाज में सकारात्मक पत्रकारिता करने के साथ ही पत्रिका इस तरह के आयोजन करता रहता है जो अनुकरणीय है। महिलाओं ने इस मौके पर पत्रिका के वुमेंस कोर्ट के आयोजन को भी याद करते हुए कहा कि समाज में जागरूकता लाने के लिए इस तरह के आयोजन होते रहना चाहिए।
० कॉलेज छात्रा श्रेया श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को लेकर बहुत सारी योजनाए हैं। राजनीति में उनकी भागीदारी को लेकर भी बात होती है लेकिन सब कुछ कागजों में है। राजनीतिक दलों को इस पर काम करना चाहिए। नई पीढ़ी के लोगों को राजनीति में हिस्सा लेना चाहिए। इसके लिए माता-पिता को अपने बच्चों को प्रोत्साहित करना चाहिए। श्रेया ने कहा कि वह खुशकिस्मत है कि उसके घर में उसके माता-पिता उसमें और उसके भाई में कोई भेद नहीं करते, उसे भी पूरा अवसर देते हैं। ऐसा हर घर में होना चाहिए।

० राजनांदगांव नगर निगम में कनिष्ठ सभापति मणिभास्कर गुप्ता ने कहा कि महिलाएं राजनीति में आने में संकोच करती हैं। वे बताती हैं कि इसकी वजह भी महिलाएं ही हैं। अक्सर देखने में आता है कि महिलाएं ही महिलाओं का सम्मान नहीं करतीं। यह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक महिला दूसरी महिला को आगे बढ़ते नहीं देख पाती। नेत्री सुषमा स्वराज को अपना आदर्श बताते हुए मणिभास्कर कहती हैं कि कार्यों में पारदर्शिता रहनी चाहिए। राजनीति में जनता ही भगवान होती है, ऐसे में जनता को भी सोच समझकर फैसला लेना चाहिए और ऐसा होने पर ही राजनीति में स्वच्छता आ सकेगी।

० समाजसेवी वर्षा अग्रवाल ने कहा कि पार्टी नहीं, बल्कि स्वच्छ छवि के उम्मीदवार को लोगों को वोट करना चाहिए। ऐसा जिस दिन हो गया, उस दिन राजनीति में स्वच्छता की शुरूआत हो जाएगी। अग्रवाल ने कहा कि ऐसा महिला ही कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त शराब, साड़ी, बिछिया या और कोई सामान बांटने जब उम्मीदवार या उनके लोग आएं तो महिलाएं ही उनका विरोध कर सकती हैं। इन सामानों को लेने से मना कर सकती हैं। राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की मौजूदगी को लेकर एक गलत सी छवि बना दी गई है, इस छवि को तोडऩा होगा, तभी महिलाएं खुलकर सामने आ सकती हैं।

० समाजसेवी ताहिरा अली ने कहा कि हम महिलाएं ही महिलाओं की दुश्मन हैं। हम ही महिलाओं का टांग खींचने का काम करती हैं। यह गलत है। राजनीति में आने वाली महिला का सहयोग करना चाहिए। एक महिला ही राजनीति में फैली गंदगी को दूर करने का काम कर सकती हैं। अली ने कहा कि अच्छे लोगों को सपोर्ट कर और बुरे लोगों को हतोत्साहित कर भी राजनीति को स्वच्छ किया जा सकता है।
० प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़ी विद्या मिश्रा ने कहा कि राजनीति को स्वच्छ करने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करना होगा। झंडा लेकर मैदान में उतरने की जरूरत नहीं, अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने का काम कर भी ऐसा किया जा सकता है। मिश्रा ने कहा कि सब मिलकर चेंज के लिए प्रयास करते रहें तो यकीनन कभी न कभी बदलाव आएगा ही। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो जाएं तो भी बहुत कुछ किया जा सकता है।

० सखी वन स्टॉप सेंटर से जुड़ी गायत्री साहू ने कहा कि हम सबकी सोच नहीं बदल सकते लेकिन अपनी सोच को तो बदल सकते हैं और यह करना चाहिए। ऐसा करने से ही काफी कुछ बदलाव आ जाएगा। महिलाओं को एकजुट होना होगा और सामने आना होगा। महिला खुद सक्षम होकर और फिर अपने परिवार, अपने समाज को दिशा देने का काम कर सकती है।

० सखी सेंटर से जुड़ी श्वेता त्रिवेदी ने कहा कि एक चुप्पी है तो घातक है। इस चुप्पी को तोडऩा होगा। महिलाएं जिस दिन चुप्पी को तोड़कर अपने अधिकारों के प्रति सचेत हो जाएंगी और समाज में सक्रिय हो जाएंगी, गंदगी हटने लगेगी। राजनीति में स्वच्छता का काम महिलाएं बेहतर तरीके से कर सकती हैं।

० जिला पंचायत सदस्य क्रांति बंजारे ने कहा कि पहले खुद को बदलना होगा। बोलने से ज्यादा सुनने की आदत डालनी होगी। राजनीति गंदी है बोलकर इससे भागने की जरूरत नहीं। इसमें आना चाहिए। इसमें शामिल होकर सही को सही और गलत को गलत बोलना चाहिए। नजरिए में बदलाव आना चाहिए। चुनाव के वक्त प्रलोभनों में नहीं आना चाहिए। ऐसा कर राजनीति में शुचिता लौटाई जा सकती है।

० निजी स्कूल में शिक्षिका वर्षा केहरी का मानना है कि राजनीति में स्वच्छता की शुरूआत अपने घर से होनी चाहिए। हमें अपने घर में सही को सही और गलत को गलत बोलना आना चाहिए। राजनीतिक दलों के भीतर भी सही और गलत को लेकर स्वच्छ बहस होना चाहिए। थोपने वाला काम नहीं होना चाहिए। ऐसा होने पर सब कुछ सही हो जाएगा।

० निजी स्कूल में शिक्षिका स्वाति मानकर ने कहा कि समाज के इतने आधुनिक हो जाने के बाद भी कामकाजी महिलाओं को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं, फिर राजनीति में आने वाली महिलाओं पर बात करना तो स्वाभाविक है लेकिन अब तस्वीर बदलनी चाहिए। मानकर ने कहा कि महिलाओं को हर जगह जूझना पड़ता है, हर बार खुद को प्रुफ करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस दिन यह स्थिति खत्म होगी, महिलाएं राजनीति को भी स्वच्छ कर देंगी।

० योग ? की कक्षाएं लेने वालीं कामना श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूदा समय में जो सही है उसे उचित स्थान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में जाना गलत नहीं है, इस सोच में सुधार करना होगा। उन्होंने कहा कि अच्छे लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर देने से ही राजनीति को स्वच्छ करने का काम किया जा सकता है।

० गृहणी किरण श्रीवास्तव ने कहा कि अच्छे लोगों को स्वत: आगे आना चाहिए। संकोच त्यागना चाहिए कि कौन क्या कर रहा है, क्या कह रहा है। अच्छे मन से और साफ इरादों के साथ काम करना चाहिए। महिलाओं को भी नेतृत्व करना चाहिए। राजनीति में स्वच्छता आने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।

० एमएसडब्ल्यू की छात्रा भावना ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को राजनीति के लिए इक_ा करना बड़ी टेढ़ी खीर है, इसके मुकाबले पुरूष तैयार हो जाते हैं। यही हाल युवतियों को लेकर भी है। युवकों की फौज जमा हो जाती है लेकिन गिनती की युवतियां सामने आने तैयार हो पाती हैं। भावना ने कहा कि वास्तव में राजनीति पुरूष प्रधान हो गई है और इसे ऐसा करने वाली महिलाएं ही हैं। महिलाओं को खुद आगे आना होगा। राजनीति में जुडऩा होगा। भावना ने कहा कि राजनीति में स्वच्छता लाने का सबसे बड़ा हथियार नोटा है।