
आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Religion Conversion: राजनांदगांव जिले के लालबाग थाना अंतर्गत सुकुलदैहान पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम धर्मापुर में धर्मांतरण से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी डेविड चाको (55) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 8 जनवरी 2026 को प्राप्त शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच के बाद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राम धर्मापुर स्थित अपने निवास में प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। इसके साथ ही बिना वैधानिक अनुमति के आश्रम संचालन और नाबालिग बच्चों को अपने पास रखने की जानकारी भी मिली थी। जांच में कई खुलासे हुए हैं।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप, सोलर प्रोजेक्टर, मोबाइल फोन, धार्मिक साहित्य और प्रचार-प्रसार से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा चर्च रजिस्टर, सदस्यता सूची, एप्लीकेशन फॉर्म और प्रशिक्षण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिससे संगठित गतिविधियों के संकेत मिले हैं।
शिकायत के बाद जांच में खुलासा हुआ था कि आश्रम में गैर कानूनी ढंग से बस्तर की 10 आदिवासी बालिकाओं को रखा हुआ था। साथ ही मतांतरण को बढ़ावा दे रहा था। उन्होंने इन सब गतिविधियों को लेकर तीन साल का ब्लू प्रिंट तैयार कर रखा था, जिसके तहत सभा आयोजन, संपर्क और लक्षित समूहों का उल्लेख था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की विभिन्न धाराओं और बीएनएस की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। मामले की विवेचना लगातार जारी है। पुलिस की जांच यह भी खुलासा हुआ था कि मतांतरण के लिए इनका पूरा नेटवर्क काम कर रहा था, जिसके तहत गरीब, कम पढ़े लिखे और आदिवासी या आदिवासी क्षेत्र के लोगों को टारगेट करते थे।
एसपी ने बताया कि मामले में विदेशी फंडिंग की संभावना को देखते हुए पुलिस आरोपी के बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। अन्य संभावित सहयोगियों की संलिप्तता की भी गहन जांच जारी है।
Updated on:
22 Mar 2026 07:43 pm
Published on:
22 Mar 2026 07:42 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
