
Weather Alert : ताबड़तोड़ बारिश से राजनांदगाव में बाढ़, 50 एकड़ की फसल बर्बाद, पुल बहने से कई गावों का टूटा संपर्क
खैरागढ़। Weather Alert : ब्लॉक के गातापार में शनिवार को अचानक आई बाढ़ के चलते टेमरी इलाके में 50 एकड़ से अधिक में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई। बाढ़ का असर टेमरी से बरंगांव-नवांगांव जाने वाले मार्ग पर भी पड़ा। टेमरी और बरंगांव को जोड़ने वाला पुल भी बाढ़ के पानी में धराशाई हो गया। बाढ़ के चलते सुबह से टेमरी का बरंगांव, नवांगांव, करेलागढ़ सहित आधा दर्जन गांवाें से संपर्क टूट गया। गातापार इलाके में पिछले तीन दिन से मुसलाधार बारिश हो रही थी। इसका असर शनिवार सुबह साढे़ पांच बजे से दिखना शुरू हुआ।
गातापार के भदरीखोल और घाघरा जंगल का पानी गातापार नदी से होकर आधा दर्जन से अधिक गांवाें से गुजरते सिवनी के पास आमनेर नदी में मिलता है। गातापार नदी में बाढ़ का असर शनिवार को बढ़ने लगा। मुख्य सड़क से सटे टेमरी के किनारे से बहने वाले गातापार नदी में बाढ़ से टेमरी के दर्जन भर से अधिक किसानों के 50 एकड़ से अधिक में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई है। बाढ़ का असर दोपहर बाद कम होते राहत मिली लेकिन पुल बहने से आवाजाही बंद हो गई।
आमनेर भी बौराई
गातापार नदी में बाढ़ का असर आमनेर में दोपहर बाद दिखने लगा। शहर से होकर गुजरने वाली आमनेर दोपहर में छलकने लगा। गातापार नदी से बाढ़ का पानी कम होने से ग्रामीणाें ने राहत महसूस की। लेकिन नुकसान को लेकर ग्रामीण परेशान हैं। इलाके में किसान धान की फसल ही सबसे ज्यादा लगाते हैं। बड़ी मात्रा में धान की फसल बर्बाद होने का अंदेशा है । गनीमत रही कि आमनेर नदी बारिश के बाद भी शांत रही नहीं तो गातापार जंगल इलाके में बडे़ नुकसान की आशंका बढ़ गई थी।
आदर्श गौठान में भरा पानी, फेंसिंग उखड़ी
गातापार नदी में आए बाढ़ का व्यापक असर इलाके में देखने को मिला। बरंगांव में खैरागढ़ जिले के पहले आदर्श गौठान में पानी के तेज बहाव से महिला समूहों द्वारा दो एकड़ में लगाए गए सब्जी और धान की फसल पूरी तरह बह गई। नदी किनारे गौठान की सुरक्षा के लिए लगाई गई फेंसिंग भी बाढ़ के पानी में टूट गई है। टेमरी से बरगांव जाने वाला मार्ग पुल बहने से अवरूद्ध हो गया है।
इसके चलते पंचायत मुख्यालय का आश्रित गांवाें से संपर्क कट गया है। पैदल आवाजाही भी बंद हो गई है। बाढ़ के खतरे को देखते पंचायत द्वारा इसकी मुनादी कराते शासन-प्रशासन को इसकी सूचना दी गई है। ग्रामीण नदी किनारे चरने जाने वाले जानवरों, मवेशियों की खोजबीन में जुटे हैं।
पानी उतरने के बाद ही फसलों की वास्तविक स्थिति सामने आ पाएगी। बरगांव नवांगांव सरपंच कृष्णा वर्मा सचिव खेलन ध्रुर्वे ने बताया कि शनिवार सुबह गातापार नदी में पानी का बहाव अचानक बढ़ने लगा। जिसके बाद सुरक्षा के लिए लोगों को सतर्क किया गया है।
Published on:
24 Sept 2023 04:52 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
