
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से परशुराम महादेव मंदिर की कावडय़ात्रा में शामिल कावडिय़े।
राजसमंद. अच्छी बारिश, खुशहाली की कामना को लेकर राजसमंद से परशुराम महादेव मंदिर तक कावडय़ात्रा रविवार को ठाठ बाट से रवाना हुई। कंधे पर कावड़ लिए भोलेनाथ का गुणगान करते हुए और बैण्ड की सुरमधुर स्वरलहरियों पर थिरकते नाचते श्रद्धालुओं आगे बढ़ रहे थे। राजसी लहजे में विभिन्न झांकियों के साथ कावडय़ात्रा शहर से पार हुई।
कांकरोली में बड़े दरवाजे के पास गुप्तेश्वर महादेव में सुबह सात बजे से ही कावडिय़ों के आने का सिलसिला शुरू हो गया और पंजीयन के बाद कावड़ सजाकर भक्तजन कतारबद्ध हो गए। ठीक आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती व भोलेनाथ के जयकारों के साथ कावडय़ात्रा रवाना हुई। अधिकांश कावडिय़े केसरिया वेशभूषा में थे और सबकी कावड़ केसरिया रंग की ही थी। सबसे आगे बैण्ड भोलेनाथ के भजन प्रस्तुत कर रहा था। उसके पीछे घुड़सवार कावडय़ात्रा व वीरता का संदेश दे रहा था। उसके पीछे कावडिय़े कतारबद्ध कंधे पर कावड़ लिए कदम ताल मिलाते चल रहे थे। कार में चल रहे डीजे पर श्रद्धालु भोलेनाथ की भक्ति व मस्ती में थिरकते, नाचते हुए चल रहे थे। कावडय़ात्रा चौपाटी, टैक्सी स्टैण्ड, जलचक्की, पीर बावजी स्थानक, किशोरनगर मण्डा, पुराना अस्पताल, कलालवाटी, हुसैनी मस्जिद, मामू- भाणेज रोड, दाणी चबुतरा, सदर बाजार, कबुतर खाना, फव्वारा चौक, हाइवे 8 से सनवाड़ होते हुए कुंभलगढ़ के लिए प्रस्थान कर गई। इस दा दौरान नगरपरिषद सभापति सुरेश पालीवाल, शिवसेना प्रमुख हेमंंत गुर्जर, नगरपरिषद प्रतिपक्ष नेता अशोक टांक, कावड़ यात्रा संघ संरक्षक मंगलमुखी महाराज आदि मौजूद थे।
पुलिस पहरे में निकली कावडय़ात्रा
कांकरोली से रवाना हुई कावडय़ात्रा भारी पुलिस जाब्ते के साथ शहर पार हुई। कार्यवाहक तहसीलदार ईश्वरचंद पुरोहित, राजसमंद डीएसपी डॉ. दुर्गसिंह, कुंभलगढ़ डीएसपी मनजीतसिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता सशस्त्र कावडय़ात्रा के आगे-पीछे व बीच में चलता रहा। कावडय़ात्रा के सनवाड़ से बाहर निकलने के बाद पुलिस जाब्ता घटा दिया। स्वास्थ्य सुविधा के लिए विशेष चिकित्सा दल कावड़य़ात्रा के साथ रहा।
बदलनी पड़ी यातायात व्यवस्था
शहर के मुख्य मार्ग से कावडय़ात्रा निकलने पर यातायात पुलिस ने अस्थायी तौर पर यातायात व्यवस्था बदल दी। यातायात प्रभारी रामविलास के नेतृत्व में पुलिस ने पहले जेके मोड़ की तरफ वाहन डाईवर्ट कर दिए। फिर टैक्सी स्टैण्ड, जलचक्की चौराहा, किशोरनगर, हुसैनी मस्जिद, दाणी चबुतरा व कबुतरखाना से यातायात को 100 फीट रोड की तरफ मोड़ दिया। ज्यों ज्यों कावडय़ा आगे बढ़ती गई, वैसे वैसे पीछे का रास्ता खुलता गया।
कावडिय़ों का जगह जगह स्वागत
कावडय़ात्रा का मुंडोल, पुठोल, सापोल, गजपुर सहित कई जगह कावडिय़ों का स्वागत किया। जगदीश पालीवाल धर्मेटा की ओर से पुठोल में कावडिय़ों को अल्पाहार कराया गया। इस दौरान गोवर्धनलाल पालीवाल, लक्ष्मीलाल पालीवाल, दीपक पालीवाल, मांगीलाल पालीवाल, मोहनलाल पालीवाल, दिनेश पालीवाल, रामरतन पालीवाल, नीलेश पालीवाल थे।
Published on:
05 Aug 2018 08:25 pm
