
तीसरी दुनिया के मतदाताओं को कौन करें जागरूक : जिले में सैकड़ों किन्नर, वोटर सिर्फ पांच
राजसमंद. विधानसभा चुनाव को लेकर 18 की उम्र पार करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और 7 दिसम्बर को मतदान करने के ढोल पीटे जा रहे हैं, मगर तीसरी दुनिया (किन्नर) के नाम मतदाता सूची में जोडऩे में निर्वाचन विभाग सुस्त है। तभी तो जिले में सैकड़ों किन्नर होने के बावजूद केवल 5 किन्नर ही वोट दे सकेंगे, क्योंकि अन्य किन्नरों के मतदाता सूची में नाम ही नहीं जुड़ पाए हैं। इससे मतदाता जागरुकता के लिए अब तक निर्वाचन महकमे द्वारा किए गए कार्यों पर सवाल खड़े होने लगे हैं कि आखिर अब तक किन्नरों के नाम मतदाता सूची में जोडऩे के कोई प्रयास क्यों नहीं हो पाए, जबकि कई किन्नर 25 से 50 वर्ष तक की उम्र पार कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार नाथद्वारा, देलवाड़ा, मोलेला, नाथाजी का गुड़ा (झीलवाड़ा), कामलीघाट, देवगढ़, भीम, दिवेर, आमेट, रेलमगरा में दर्जनों किन्नर परिवार में सैकड़ों सदस्य हैं। इसके बावजूद भीम से सिर्फ 1 और नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से 4 किन्नरों के नाम ही मतदाता सूची जुड़ा हुआ है। इसके चलते सैकड़ों किन्नर विधानसभा चुनाव में अपना वोट नहीं दे सकेंगे। इससे चुनाव आयोग के जनजारुकता कार्यक्रम स्वीप के तहत शहर-देहात में चल रही गतिविधियां ही सवालों के घेरे में आ गई है।
वर्तमान में ये है मतदाता
विधानसभा चुनाव में राजसमंद, नाथद्वारा, कुंभलगढ़ व भीम विधानसभा क्षेत्र में 8 लाख 50 हजार 313 मतदाता इस बार 7 दिसम्बर को मतदान का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें से 4 लाख 14 हजार 906 महिला मतदाता है, जबकि 4 लाख 35 हजार 407 पुरुष मतदाता है। इसके अलावा भीम विधानसभा में एक किन्नर और नाथद्वारा में 4 किन्नर का नाम भी मतदाता सूची में शामिल होने से अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।
979 मतदान केन्द्र बनाए
निर्वाचन विभाग द्वारा इस बार 979 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां विधानसभा चुनाव के तहत लोग वोट दे सकेंगे। भीम विधानसभा में 253 मतदान केन्द्र, कुंभलगढ़ में 242, राजसमंद में 243 व नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में 241 मतदान केन्द्र हैं।
Published on:
29 Nov 2018 11:45 am
