
राजसमंद। शहर के नजदीक मोही रेलवे फाटक के पास भीलवाड़ा रोड पर रविवार दोपहर एक ट्रक की टक्कर से बाइक में लगी आग लगने से युवक जिंदा जल गया। जबकि एक बच्चे सहित 3 लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कांकरोली थाने के एएसआई विक्रम सिंह ने बताया कि बाइक पर सवार होकर दो युवक, एक महिला एवं एक बच्चा मादड़ी रोड से कांकरोली की तरफ आ रहे थे।
इस दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार में आते हुए एक ट्रक से टक्कर लगने के बाद बाइक सड़क पर गिर गई। रगड़ लगने से उठी चिंगारी आग में बदल गई और पेट्रोल की टंकी धमाके के साथ फट गई। बाइक चालक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से दौड़ पड़े लोगों ने महिला एवं युवक को आग से बचाया और घायल बच्चे को भी आरके जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां उनका उपचार जारी है।
घायलों एवं मृतक के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। मृतक का शव जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन एवं समाज के लोग वहां पहुंचे।
Updated on:
25 Nov 2018 05:18 pm
Published on:
25 Nov 2018 05:17 pm
