
हाथ में मोबाइल पकड़ गाना सुन रहा था, धमाके के साथ फटा, श्रमिक झुलसा
राजसमंद/केलवा. केलवा में गाना सुनते हुए हाथ में जियो मोबाइल फटने से एक श्रमिक झुलस गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार किया गया। सत्रह दिन में यह दूसरी घटना हो गई, मगर इसकी रोकथाम को लेकर न तो रिलायंस कंपनी गंभीर है और न ही पुलिस व प्रशासन द्वारा कोई ध्यान दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भामाशाह योजना के तहत खेरवाड़ा (उदयपुर) हाल केलवा निवासी निवासी श्रमिक अजय (30) पुत्र राजेन्द्र मीणा सोमवार रात आठ बजे हाथ में रिलायंस जियो मोबाइल पर गाने सुन रहा था। बाएं हाथ में अचानक मोबाइल धमाके के साथ फट गया, जिससे उसका हाथ झुलस गया। इस पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केलवा ले जाया गया, जहां भर्ती कराकर उपचार कराया गया। धमाके के साथ जियो मोबाइल फटने की घटना के बाद आस पड़ोस के लोगों के साथ समूचे ग्रामवासी ही सहम गए।
पहले चौदह वर्षीय किशोर झुलसा
धनेरिया में 12 अक्टूबर को राहुल (14) पुत्र भगवान लाल रेगर ने मोबाइल हाथ में लेकर जैसे ही स्विच दबाया, तो धमाके के साथ मोबाइल फट गया। उसके दाएं हाथ की दो उंगलियां फटकर हाथ से अलग हो गईं। खून के छींट और मांस के टुकड़े बिखर गए। बाद में उसे रेलमगरा अस्पताल ले गए, जहां से उदयपुर रेफर किया गया था।
Updated on:
31 Oct 2018 10:35 am
Published on:
31 Oct 2018 10:35 am
