
धूम्रपान से ‘घबराया’ रावण, इस बार राजसमंद में नहीं खींचेगा सिगरेट के कश
राजसमंद. एक दशक से दंभ भरकर सिगरेट का कश खींचने वाला रावण अब शायद धूम्रपान से घबराने लगा है। तभी इस बार सिगरेट नहीं पीकर आमजन को धूम्रपान नहीं करने का संदेश देगा। कांकरोली में 51 फीट एवं राजनगर में 35 फीट के पुतले बनकर तैयार हो गए, जो शुक्रवार शाम को भव्य आतिशबाजी देखने के बाद श्रीराम के पात्र बच्चे के तीर छोड़ते ही एक चीख के साथ धूं-धूं कर जलने लगेगा और 10 मिनट में राख में तब्दील हो जाएगा। नगरपरिषद की ओर से करीब एक लाख दस हजार की लागत से बड़ी सादड़ी (चित्तौडग़ढ़) के छोटू भाई द्वारा 51 फीट ऊंचे रावण का पुतला तैयार किया है। इस बार रावण पुतले के मुंह में सिगरेट नहीं है और न ही सिगरेट का कस खींचेगा। क्योंकि प्रतिवर्ष रावण पुतले के सिगरेट पीने के दृश्य से न सिर्फ धूम्रपान को बढ़ावा मिल रहा था, बल्कि धूम्रपान वर्जित अधिनियम की भी धज्जियां उड़ रही थी। वर्षों बाद नगरपरिषद के अफसरों व जनप्रतिनिधियों को धूम्रपान अधिनियम का उल्लंघन होने की बात समझ आई और इस बार यह बदलाव किया। इसी तरह राजनगर में 35 फीट ऊंचाई का पुतला तैयार किया गया हैै।
बुराई छोड़ पुतले के बनाया आजीविका
होली के दूसरे दिन धुलंडी पर दो गुटों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसमें गलती से एक व्यक्ति की हत्या हो गई। अदालत से सजा होने के बाद 6 वर्ष की सजा काटर 1988 में जब बड़ी सादड़ी निवासी छोटू भाई घर लौटा, तो न गांव का कोई व्यक्ति बोलता और न कोई रोजगार देता। भले ही अनजाने में हत्या की, मगर बुराई तो बुराई ही होती है। मुझे भी ग्लानि हुई। इस बीच कस्बे के रावण पुतले के कारीगर मुसाबा चुड़ीगर से पुतला सीख लिया। तब से आज तक सैकड़ों रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण के पुतले बना चुके हैं। वर्ष 2014 में निम्बाहेड़ा में 72 फीट ऊंचा आकर्षक पुतला बनाया, जिस उसका जयपुर में नगरीय निकाय और कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा सम्मानित भी किया गया।
मंदिर से आएगी श्रीराम की सेना
श्री द्वारकाधीश मंदिर से श्रीराम, सीता- लक्ष्मण की झांकी के साथ सेन रवाना होगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर श्री बालकृष्ण स्टेडियम पहुंचेगी। श्रीराम की भूमिका में कलाकार द्वारा रावण की नाभी में तीर दागने की रस्म निभाई जाएगी, तीर से सुदर्शन चक्र चलेगा और रावण दहाड़ के साथ चीखेगा। फिर देखते ही देखते दस मिनट में ही पुतला जलकर राख हो जाएगा। इससे पहले शोरगरों द्वारा करी एक घंटे तक आतिशबाजी की जाएगी।
रावण तैयार, शाम को होगा दहन
भीम. रावण दहन कार्यक्रम सुजावत समाज मण्डला के तत्वावधान में कस्बे के पाटिया मेला ग्राउण्ड में शुक्रवार रात नौ बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में महाराज बख्तावर वन ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष जयेन्द्र सिंह रावत, सरपंच गिरधारी सिंह रावत, महासभा प्रदेशाध्यक्ष हरि सिंह सुजावत, मण्डला अध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान आदि की मौजूदगी में होगा। राजस्थान रावत महासभा के प्रदेश संयोजक गोपाल सिंह रावत ने बताया कि सुजावत समाज मण्डला भीम द्वारा दशहरा के अवसर पर रावण दहन एवं भव्य आतिशबाजी की जाएगी। बताया कि आगरा के कारीगरों द्वारा 51 फीट का रावण बनाया गया है।
Updated on:
19 Oct 2018 10:57 am
Published on:
19 Oct 2018 10:57 am
