
राजसमंद। तेज बारिश और अंधड़ के बाद मंगलवार देर रात को दो मंजिला मकान की दीवार भरभरा कर कच्चे केलूपोश झोंपड़े पर गिर गई। इससे झोंपड़े में बैठे एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बनेडिय़ा का खेड़ा में हजारी पुत्र कैला जाट के मकान की दूसरी मंजिल की एक दीवार भरभराकर पास में रोशनलाल सेवदा के केलूपोश मकान पर गिर गई। दीवार का मलबा गिरने से केलूपोश घर ध्वस्त हो गया, जिससे उसमें बैठे बनेडिय़ा का खेड़ा निवासी भूरालाल जाट (70), छोगालाल जाट, सिन्देसर खुर्द निवासी लेहरूलाल जाट सहित रावतिया का एक बुजुर्ग घायल हो गया। घटना के बाद में चारों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेलमगरा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आरके जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात गंभीर घायल भूरालाल जाट ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल तीन अन्य लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यही नहीं, बुजुर्ग भूरालाल जाट की मौत होने के बाद शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही ले गए और दोपहर में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले की पुलिस को नहीं दी सूचना
दरअसल, रात करीब दस बजे बनेडिय़ा का खेड़ा में मकान की दीवार गिरने से घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा भी रेलमगरा थाने को सूचना नहीं दी गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान भूरालाल की मौत होने के बाद भी पुलिस को सूचना नहीं मिली।
Updated on:
17 Apr 2019 06:18 pm
Published on:
17 Apr 2019 06:18 pm
