
रामपुर। लॉकडाउन के दौरान पुलिस (Police) और प्रशासन जरूरतमंदों की पूरी मदद कर रहा है। इसके लिए बाकायदा प्रशासन की तरफ से नंबर जारी किए गए हैं। इस पर जरूरतमंद लोग फोन करके आवश्यक वस्तुएं मंगा रहे हैं। लेकिन कुछ लोग इस पर फोन करके इन सेवाओं का गलत फायदा उठा रहे हैं। अब ऐसे लोगों के खिलाफ कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। ऐसा ही एक मामला रामपुर (Rampur) में सामने आया है।
डीएम ने किया था ट्वीट
रामपुर के डीएम (DM) आंजनेय कुमार सिंह ने पहले ही साफ कर दिया था कि इन सेवाओं का गलत फायदा उठाने वालों से नाली साफ कराई जाएंगी। इसको लेकर उन्होंने आधिकारिक ट्वटिर (Twitter) अकाउंट पर ट्वीट भी किया था। रविवार को डीएम आंजनेय कुमार सिंह ने ट्वीट किया है, 4 समोसा भिजवा दो... चेतावनी के बाद आखिर भिजवाना ही पड़ा। अनावश्यक मांग कर कंट्रोल रूम को परेशान करने वाले व्यक्ति से सामाजिक कार्य के तहत नाली सफाई का कार्य कराया गया।
युवक पर होगा केस दर्ज
दरअसल, स्वार थाना क्षेत्र से एक युवक ने रविवार को कंट्रोल रूम में फोन किया। उसने वहां फोन करके चार समोसों की डिमांड की। मामला डीएम के संज्ञान में आया तो उन्होंने उसके लिए चार समोसे भिजवाए। साथ ही उसके खिलाफ कानून कार्रवाई की जाएगी। डीएम आंजनेय कुमार सिंह का कहना है कि अभी उससे नाली साफ कराई है। अब उस पर केस दर्ज कर जुर्माना भी वसूला जाएगा।
Updated on:
30 Mar 2020 09:59 am
Published on:
30 Mar 2020 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
