
समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान 27 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंच चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट से जमानत मिलने के बाद देर रात रिहाई का परवाना सीतापुर जेल पहुंचा। जिसके बाद उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया। आजम खान के दोनों बेटे और शिवपाल सिंह यादव उन्हें लेने सीतापुर पहुंचे। आज सुबह आजम खान को रिहा कर दिया गया। आजम खान की रिहाई के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी लंबे समय बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए आजम के रिहा होने की खुशी जाहिर की है। क्योंकि पिछले दिनों से प्रदेश भर में सपाई ही अखिलेश यादव पर आजम खान की मदद नहीं करने के आरोप लगा रहे थे।
दरअसल, आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद भी सपा अध्यक्ष ने चुप्पी साध रखी थी। वहीं, आजम की पत्नी तजीन फातिमा ने भी घर आकर मदद करने वालों का शुक्रिया किया था। आजम खान की रिहाई को लेकर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया नहीं आने से सियासी गलियारों में कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए थे। पार्टी वरिष्ठ नेता की रिहाई पर सपा अध्यक्ष की चुप्पी से सभी हैरान थे। इसी बीच चुप्पी तोड़ते हुए अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए आजम खान का स्वागत किया है।
अखिलेश यादव ने किया ये ट्वीट
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा है... सपा के वरिष्ठ नेता और विधायक आजम खान के जमानत पर रिहा होने पर हार्दिक स्वागत है। आजम की जमानत के इस फैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय के लिए नए मानक दिए हैं। पूरा ऐतबार है कि वह अब अन्य सभी झूठे मामलों-मुकदमों में बाइज्जत बरी हो जाएंगे। झूठ के लम्हे होते हैं, सदियां नहीं।
शिवपाल यादव बोले- क्षितिज पर नया सूरज निकल रहा है
वहीं, आजम खान को रिहा कराने सीतापुर जेल पहुंचे शिवपाल यादव ने ट्वीट कर लिखा है... सूबे के आवाम के लिए यह सुखद है कि आजम खान साहब आज उनके चाहने वालों के बीच हैं। उत्तर प्रदेश के क्षितिज पर नया सूरज निकल रहा है। आइए, आजम खान साहब का इस्तकबाल करें।
Published on:
20 May 2022 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
