26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उन्नत तकनीक अध्ययन के लिए 26 किसानों का दल इजरायल रवाना

मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के पवित्र दिन किसानों की आय वृद्धि की रक्षा का संकल्प के साथ आप इजरायल जा रहे हैं...
2 min read
Google source verification
jharkhand cm

jharkhand cm

(पत्रिका ब्यूरो,रांची): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि उन्नत तकनीक उन्नत किसान झारखंड की नई पहचान होगी। रविवार को रांची में झारखंड से 26 किसानों के दल को इजरायल की यात्रा पर रवाना करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही।


मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के पवित्र दिन किसानों की आय वृद्धि की रक्षा का संकल्प के साथ आप इजरायल जा रहे हैं। वहां जाकर वहां की उन्नत तकनीक को वहां के किसानों के अनुभवों को जानने और सीखने पर अपना पूरा समय दें और उन अनुभवों को अपनी खेती में उतारे। साथ ही राज्य के अन्य किसानों को भी इन अनुभवों का लाभ दें। उन्होंने कहा झारखंड से भी क्षेत्रफल में छोटा देश होते हुए भी इजरायल अपने कृषि पैदावार के बल पर राष्ट्रीय प्रति व्यक्ति आय में भारत से भी आगे हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड खाद्यान्न की आपूर्ति में आज पीछे है परंतु वह दिन दूर नहीं जब झारखंड न केवल आत्मनिर्भर होगा बल्कि देश के अन्य राज्यों को भी खाद्यान्न उपलब्ध कराएगा। इस मौके पर इजरायल जा रहे किसानों ने मुख्यमंत्री से अपनी उम्मीद और अपेक्षाओं को लेकर बात की। किसान मो. अब्दुल कयूम ने कहा कि वे वहां के अनुभवों का लाभ लेकर झारखण्ड को कृषि के क्षेत्र में पूरे देश में सबसे आगे ले जाएंगे। एक अन्य किसान गंदुरा उराँव ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उन्हें इजरायल जाकर नई कृषि तकनीक सीखने का मौका मिलेगा।

इस अवसर पर कृषि सचिव पूजा सिंघल ने कहा कि राज्य के किसानों का दल चार दिनों तक इजरायल में रह कर वहां डेयरी फार्म, फलों और सब्जियों के पैदावार, ड्रिप इरिगेशन का कार्य देखेंगे तथा वहां के किसानों से वार्ता करेंगे और उनके अनुभवों को और अपने अनुभवों को साझा करेंगे।किसानों के साथ कृषि निदेशक रमेश घोलप, हजारीबाग के उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला, गढ़वा की उपायुक्त नेहा अरोड़ा, हॉर्टिकल्चर निदेशक विजय सिंह, संयुक्त निदेशक कृषि डॉ सुभाष सिंह साथ इजरायल रवाना हुए है।