
वायरल छात्र
Jpsc- Jssc Protest "न मेरी नौकरी लग रही है और न ही मेरी शादी हो रही है। इसके जिम्मेदार हेमंत चाचा हैं। मेरी गर्लफ्रेंड कहती है कि मैं तो 2,500 रुपये कमा लेती हूं, लेकिन तुम तो बेरोजगार घूमते रहते हो।" झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन के दौरान एक युवक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक ने बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उसका आरोप है कि जिम्मेदार लोग सिर्फ अपना हित साधने में लगे हैं, जबकि लाखों युवा रोजगार के इंतजार में भटक रहे हैं।
गुरुवार को रांची में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्रों ने विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग कर रहे थे। छात्रों का यह मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक गया, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा, "छात्रों की चिंता किसी को नहीं है। अगर सरकार हमें प्रदर्शन स्थल से गिरफ्तार कर जेल भेज देती है, तो हम वहां भी मरेंगे। यहां भी हम बेरोजगारी, गरीबी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।" युवक ने आगे कहा, "जब आदिवासी वर्ग की परीक्षा का पेपर ही लीक हो गया, तो फिर ओबीसी और अन्य वर्गों के अभ्यर्थियों का क्या होगा?" उसने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए फिल्मी अंदाज में कहा, "मुझे तो अपनों ने लूटा, गैरों में कहां दम था।" युवक का यह बयान और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
Updated on:
31 Jul 2026 06:15 pm
Published on:
31 Jul 2026 05:42 pm
