
bjym it cell head shubham gurjar audio viral
BJYM IT cell In-charge : मध्यप्रदेश के रतलाम में चिकलिया टोल नाके के मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता को धमकाने के मामले में भाजयुमो के प्रदेश आईटी सेल प्रभारी शुभम गुर्जर पर केस दर्ज किया गया है। बिलपांक थाना पुलिस ने शुभम गुर्जर निवासी जमुनिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इसी बीच टोल प्लाजा मैनेजर को धमकाते हुए BJYM आईटी सेल प्रभारी शुभम गुर्जर का एक ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पत्रिका डॉट कॉम वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जो ऑडियो वायरल हो रहा है उसमें जो बातचीत हो रही है वो इस प्रकार है-
शुभम गुर्जर - नमस्ते
टोल मैनेजर- जी भाई, नमस्कार।
शुभम गुर्जर - सोनवीर जी को जम नहीं रहा क्या, टोल अच्छे से चल रहा है तो
टोल मैनेजर - नहीं, ऐसा तो नहीं है। क्या हो गया? मैं तो यहीं पर बैठा हूं।
शुभम गुर्जर - नहीं समझ आ रहा है तो पूछ लो यार। आपके लड़के हर गाड़ी रोक कर बहस कर रहे हैं। यह अच्छी बात नहीं है।
टोल मैनेजर - नहीं, हर गाड़ी नहीं।
शुभम गुर्जर - मेरी बात सुन लो। नियम कायदे की बात है न तो हजार पॉइंट हैं मेरे पास। इतनी शिकायतें होंगी कि घर आओगे शिकायत कटवाने। सारी शिकायतें यहीं हैं। तुम और सोनवीर साहब ज्यादा नियम कायदे (गाली देते हुए) …रहे हैं न… तो मुझे एक हजार नियम कायदे आते हैं।
टोल मैनेजर - हर गाड़ी को रोककर नहीं, खाली…
शुभम गुर्जर - बहस कर रहे हो यार… सोनवीर साहब ने बोला है। सोनवीर साहब को लड़ना है तो बता दो। हम आ जाते हैं, लड़ लो (गाली देते हुए)। टोल चला लो या फिर कुश्ती लड़ लो।
टोल मैनेजर - शुभम जी आप समझ नहीं पा रहे हैं। आपकी जो जेन्यूइन गाड़ियां हैं वो तो जा ही रही हैं न।
शुभम गुर्जर - आप नहीं समझ रहे हैं। दिनभर थोड़ी न बात करूंगा। (गालियां देते हुए) आप लोगों का 50 लाख कलेक्शन से भी पेट नहीं भरा तो हम लोकल वालों को खा जाओ।
टोल मैनेजर - अरे साहब! आप क्यों गुस्सा हो रहे हो।
शुभम गुर्जर - सुबह से शाम तक हम परेशान हो रहे हैं।
टोल मैनेजर - जिन गाड़ियों को आप नहीं जानते, वो भी आपका नाम ले रहे हैं।
शुभम गुर्जर - मैं कह रहा हूं गुप्ता जी फिर भागते फिरोगे एसपी और टीआई के पास। सोनवीर को कह दो, एक घंटे में मैं वहां आ रहा हूं। (गाली देते हुए) लड़ ले फिर। मैं बताता हूं टोल प्लाजा कैसे चलेगा। फोकट की नेतागीरी… जो आता है नया चाबुक लेकर बैठ जाता है, साहब बनने के लिए यहां पर।
टोल मैनेजर - मैं कहां चाबुक लेकर बैठा हूं।
शुभम गुर्जर - हमारी (गाली देते हुए) लोकल लोगों की जमीनें खा गए। हमारे लोग 50-50 लाख का कलेक्शन करके दे रहे हैं। बता देना सोनवीर साहब को उलटा कर भेजूंगा यहां से… जाएगा एसपी और टीआई के पास भागता हुआ। (गाली देते हुए) लड़ना है तो बता दे फिर आता हूं मैं उधर।
टोल मैनेजर - ठीक है। मैं बोलता हूं, उन्हें।
शुभम गुर्जर - शांति से प्लाजा चल रहा है तो चलने दो। फोकट उंगली मत करो। हमारे गांव में आकर हमें नेतागीरी सिखाएगा क्या वो सोनवीर। बता देना कुलदीप के पास जा नेतागीरी करने आगरा। यहां तेरी नेतागीरी नहीं चलेगी। टांग दूंगा उलटा ज्यादा होशियारी सूझेगी तो।
टोल मैनेजर - ठीक है, मैं बात करता हूं।
शुभम गुर्जर - बता देना सोनवीर को बुलाना है क्या। बोलना- बुलाना है तो बताओ। फिर आता हूं मैं अपने हिसाब से। परेशान कर दिया- सुबह से शाम तक। सोनवीर-सोनवीर सुनकर। तुम्हारा ही टोल है, (गाली देते हुए) दुनियाभर में तुम्हें ही सबसे ज्यादा घाटा हो रहा है। तुम्हारे पास इमरजेंसी लाइन नहीं है… बाइक के लिए अलग लाइन नहीं है। लोगों को परेशान करने के लिए… उंगली करने के लिए… मैं आता हूं फिर तुम्हारा एक बंदा प्लाजा पर बैठकर दिखा दे।
टोल मैनेजर - ठीक है। आपको लगे बात करना है तो बता दीजिएगा।
शुभम गुर्जर - लॉ एंड ऑर्डर बिगाड़ना है क्या तो क्लियर कर लो… हां लॉ एंड ऑर्डर बिगाड़ना है। (गाली देते हुए) तुमको ही… है, मेरा कुछ नहीं होगा। मैं हाथ नहीं जोड़ूंगा। नहीं समझ आ रही तो फिर मैं समझा दूंगा।
टोल मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता ने 19 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि शुभम गुर्जर ने उन्हें और स्टाफ को गाली-गलौज करते हुए उलटा लटकाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की धमकी दी। शिकायत के साथ धमकाने की ऑडियो रेकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई थी। आरोप है कि शुभम गुर्जर अपने प्रभाव से प्रतिदिन लगभग 100 वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए निकलवाता है, जिससे एमपीआरडीसी को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि टोल मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
Updated on:
21 May 2026 09:57 pm
Published on:
21 May 2026 09:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
