
मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में स्थित डॉल्फिन स्विमिंग पूल ( dolphin swimming pool ) में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। बता दे कि, साथ में तैराकी कर रहे एक अन्य युवक की स्टंटबाजी के कारण 18 साल के अनिकेत तिवारी की पानी में डूबकर मौत हो गई। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज ( CCTV Footage ) भी सामने आया है, जिसमें युवक की स्टंटबाजी का घटनाक्रम साफतौर पर रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, दूसरी तरफ पूल के लाइफ गार्ड ( Life Guard ) की लापरवाही भी इस मामले में उजागर हुई है। बताया जा रहा है कि पूल में ये दूसरी घटना है कि किसी की जान चली गई, बवाजूद इसके पूल चलता रहा है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। हादसे का शिकार लड़का पानी से जैसे ही बाहर निकला उसी दौरान सामने से दौड़ते हुए आए दूसरे लड़के ने स्टंट दिखाते हुए पूल में छलांग लगा दी। इस घटनाक्रम में बागने वाले लड़के का घुटना सीधे अनिकेत के चेहरे पर पड़ा। मुंह पर चोट लगते ही अनिकेत बेसुध होकर पूल में गिर गया, जिसके बाद स्टंट दिखाने वाले लड़के का साथ साथ मौके पर मौजूद अन्य लड़के उसका पानी से बाहर निकलने का इंतेजार करते रहे, लेकिन वो जिंदा पानी से बाहर नहीं निकल सका।
इस घटनाक्रम की बड़ी बात ये है कि आसपास मौजूद जिन लोगों ने इस घटनाक्रम को देख लिया था, वो भी काफी देर तमाशबीन बने रहे और बच्चे को पानी से निकालने या निकालने के लिए लाइफ गार्ड को तुरंत आवाज देने की जहमत नहीं उठाई। वहीं, मामले में स्विमिंग पूल पर तैनात लाइफ गार्डों ने भी काफी देर से रिस्पांस किया, जिसके चलते हादसे का शिकार युवक को समय रहते नहीं निकाला गया और उसने स्विमिंग पूल में ही दम तोड़ दिया।
हालांकि, काफी देर बाद भी जब अनिकेत पूल से बाहर नहीं निकला तो उसके साथ स्वीमिंग कर रहे अन्य लड़कों ने लाइफ गार्ड का ध्यान घटनाक्रम की ओर केंद्रित किया, तब कहीं जाकर उसे पानी से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद स्विमिंग पूल के जिम्मेदार आनन - फानन में उसे मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए स्विमिंग पूल को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
20 May 2024, 12:52 PM IST
Published on:
20 May 2024, 12:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.