
MP NEWS: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक टीचर को 12वीं क्लास में पढ़ने वाली एक छात्रा से 50 हजार रूपये की डिमांड करने के आरोप में पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे 6 मार्च तक पुलिस की रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी टीचर से पूछताछ कर रही है। आरोप है कि टीचर ने प्रैक्टिकल का रिजल्ट बिगाड़ने की बात कहकर छात्रा से पैसों की मांग की थी।
मामला रतलाम जिले के आलोट का है जहां ताल नगर के न्यू आर्यवीर सीनियर सेकंडरी स्कूल के टीचर प्रदीप सिंह को पुलिस ने एक छात्रा के परिजन की शिकायत पर गिरफ्तार किया है। 12वीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा के परिजन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रैक्टिकल का रिजल्ट बिगाड़ने और माता-पिता को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी टीचर उनकी बेटी से 50 हजार रूपये की डिमांड कर रहा है। जिसके बारे में बेटी ने उन्हें बताया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में पुलिस के घर पुलिस की रेड, मिले लाखों रूपए…
परिजन के मुताबिक बेटी ने एक दिन आकर उनसे कहा कि उसे 50 हजार रूपये चाहिए। तब उन्होंने बेटी से पूछा कि उसे इतने पैसों की क्या जरूरत है तो बेटी ने बताया कि एक मार्च को वो स्कूल की एक्सट्रा क्लास में गई थी। वहां टीचर प्रदीप सिंह ने साइड में बुलाकर धमकी दी थी कि घर से पचास हजार रुपये लेकर आना नहीं तो तेरी प्रेक्टिकल की परीक्षा का रिजल्ट खराब कर दूंगा, तेरा भविष्य भी खराब कर दूंगा। इतना ही नहीं प्रदीप सिंह ने धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं लाई तो तुम्हारे मम्मी-पापा को मार दूंगा। पुलिस ने आरोपी टीचर प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
Updated on:
5 Mar 2025, 6:32 PM IST
Published on:
5 Mar 2025, 6:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.