
Ratlam Wife Murder: पति ने कर दी पत्नी की हत्या (Photo Source - Patrika)
Ratlam Wife Murder: एमपी के रतलाम शहर में पति द्वारा पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। आरोपी पति अली असरगर को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में मोबाइल डेटा और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच जारी है। घटना के बाद एफएसएल अधिकारियों ने बताया कि कोई भी व्यक्ति ज्यादा गुस्से में कम समय में कई बार सामने वाले को मार सकता है। ऐसा ही अली असरगर ने भी किया। उसने 30 सेकंड में 30 से 40 बार चाकू से हमला किया। ये संभव भी है। वहीं पत्नी रुकैया की मौत की वजह गले पर गहरे वार, श्वास नली की नस कटना और अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया है।
घटना के बाद से अभी तक वजह सामने नहीं आई थी कि असरगर ने पत्नी रुकैया को क्यों मारा। लेकिन प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि असरगर ने पत्नी से लॉन्ग ड्राइव पर चलने के लिए कहा था लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। पत्नी के मना करने पर दोनों के बीच देर तक झगड़ा हुआ। इसी दौरान उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी के गले और सीने पर लगातार वार कर दिए। पुलिस आरोपी को लेकर सीन रिक्रिशन के लिए घर भी गई। यहां पर पुलिस ने हत्या वाले कमरे से आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया। पुलिस ने पति-पत्नी दोनों के मोबाइल कब्जे में लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी पति से थाने में पूछा कि उसने पत्नी को क्यों मारा… तो अली असरगर ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया लेकिन वो रोता रहा और बार-बार पत्नी से मिलाने की जिद करता रहा और कहता रहा, "रुकैया से मिला दो।" रात 10:30 बजे पत्नी के शव को परिजन और समाजजन की मौजूदगी में दफनाया गया।
परिवार से पता चला है कि असरगर का मोबाइल कारोबार ठीक नहीं चल रहा था। वो छह महीने से डिप्रेशन का इलाज करा रहा था। घटना से एक दिन पहले पत्नी उसे इलाज के लिए इंदौर भी लेकर गई थी। पुलिस ने अभी तक डिप्रेशन को हत्या का आधिकारिक कारण नहीं माना है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।
बता दें कि माणकचौक थाने के सुनार बावड़ी क्षेत्र में खौफनाक वारदात हो गई। पति अली असरगर (35) ने पत्नी रुकैया (33) से विवाद के बाद सीने पर बैठकर गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति ने घर में उपयोग आने वाले चाकू से पत्नी के गले पर 35 वार कर गोदने का प्रयास किया और चाकू से ही गला काटा। इससे महिला की आधी गर्दन कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को लगी तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से ही हिरासत में लेते हुए फिलहाल मामला जांच में लेकर मृतका का मेडिकल कॉलेज में पीएम करवाया। मृतक दंपती की आठ साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। दोनों के विवाह को करीब दस साल हो गए थे।
Updated on:
04 Aug 2026 01:28 pm
Published on:
04 Aug 2026 01:28 pm
