
पार्षद ने ही फार्म हाऊस पर युवक को मारी गोली.....
रतलाम. जुलवानिया में पार्षद के फार्म हाउस पर सोमवार रात गोली चलने से हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने पार्षद पंकज उर्फ बंटी पडियार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पिस्टल लेकर वहां पहुंचे उसके साथी नीरज सांखला की तलाश जारी है। नीरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रात से लेकर मंगलवार दोपहर तक कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने नागदा निवासी राकेश राठौर की हत्या के आरोप में उसने शांतिनगर निवासी पंकज पडियार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर में उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं दूसरी और पुलिस लंबी गली निवासी नीरज सांखला की तलाश में जुटी है, जो अब तक उसके हाथ नहीं आ सका है। दरअसल पार्टी में पिस्टल नीरज ही लेकर आया था, जिससे लेने के बाद पंकज द्वारा गोली चलाना बताया जा रहा है।
नहीं मिली पिस्टल
थाना प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की माने तो पिस्टल बरामद करने के लिए पंकज से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी। इसके साथ ही नीरज की गिरफ्तारी के लिए उसके बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले में पूछताछ के लिए उन सभी लोगों को भी तलाश रही है, जो कि पार्टी के दौरान मौके पर मौजूद थे। दरअसल पुलिस पार्टी में शामिल हर शख्स से घटना के संबंध में जानकारी लेगी।
यह हुई रिपोर्ट दर्ज
एएसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मृतक राकेश के ***** विजय ने रिपोर्ट की है। उसने बताया कि वह मुखर्जी नगर रहता है और पढ़ाई करता है। सोमवार को उसके जीजाजी राकेश राठौर निवासी आेझा कॉलोनी नागदा को प्रधुम सिंह सिसोदिया निवासी सुयोग परिसर, अनिल सिसोदिया निवासी कोर ब्रह्मण कॉलोनी रतलाम को पंकज ने ग्राम जुलवानिया स्थित उसके फार्म हाऊस पर पार्टी में बुलाया था, जिस पर चारों फार्म हाऊस पर पहुंचे थे। वहां पर जलज सांखला निवासी सावरिया कॉलोनी, नीरज सांंखला निवासी लंबी गली, अभिषेक सांखला निवासी लोकेंद्रनाथ मंदिर, मांगीलाल गेहलोत, प्रहलाद निवासी लक्ष्मीनगर व पंकज के साथ और भी लोग थे। फार्म हाऊस पर पार्टी चल रही थी। रात्रि करीब 10.15 बजे पंकज को पिस्टल नीरज ने दी। पंकज के हाथ में पिस्टल थी, उसके पास नीरज व अभिषेक खड़े थे। तभी जीजाजी राकेश सामने खेत में से बाथरूम करके वापस आ रहे थे कि पंकज ने जीजाजी राकेश को बोला कि तू बहुत होशियार बनता है। पंकज ने जीजाजी को जान से मारने की नियत से पिस्टल से फायर किया। जीजा को गोली बाई तरफ कान के पीछे सिर में लगी और खून निकला। जीजाजी जमीन पर गिर पड़े तो ये सब वहां से भाग गए। जीजाजी की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पार्षद पंकज व नीरज के खिलाफ धारा ३०२, ३४ व आम्र्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक सप्ताह से रतलाम में था
उज्जैन जिले के नागदा की ओझा कॉलोनी निवासी राकेश राठौर का मंगलवार को चंबल तट स्थित मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार हुआ। इसके पूर्व शव दोपहर 2 बजे नागदा पहुंचा तो घर में परिजनों को रो-रोकर बूरा हाल था। राकेश के दो और भाई हैं। बड़ा भाई रवि नागदा में ही हैयर सैलून चलता है जबकि छोटा भाई रितेश पढ़ाई कर रहा है। राकेश का रतलाम के दिलीप नगर में हेयर सैलून है और वह रोजाना नागदा से अप-डाउन करता था। उसका ससुराल भी रतलाम के मुखर्जी नगर में है। उसकी पत्नी राखी मनाने मायके में ही थी। इस कारण राकेश भंी एक सप्ताह से सुसराल में था। सोमवार को उसकी मां विष्णुबाई से रात 9 बजे मोबाइल पर बात हुई थी। मां ने उसे घर आने को कहा था तो राकेश ने मंगलवार को आने की बात कही थी। राकेश की एक चार साल की बालिका है। उसकी पत्नी भी गर्भवती है।
Published on:
29 Aug 2018 12:46 pm
