
कोरोना मरीजों के इलाज में लापरवाही पड़ी भारी : शशि गांधी को प्रभारी डीन के पद से हटाया, अब ये होंगे नए डीन
रतलाम/ शासकीय मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. शशि गांधी से प्रभारी डीन का चार्ज वापस लेते हुए डॉ जितेंद्र गुप्ता को प्रभारी डीन समेत अस्पताल अधीक्षक नियुक्त कर दिया गया है। इस संबंध में उज्जैन संभाग आयुक्त ने आदेश जारी किये हैं। आपको बता दें कि, पिछले दिनों मेडिकल कॉलेज में बड़े बदलाव के संकेत सांसद गुमान सिंह डामोर अपनी यात्रा के दौरान दे चुके थे।
देखें खबर से संबंधित वीडियो...
इलाज में लापरवाही को लेकर हटाए गए डॉ. शशि गांधी, डॉ. जितेंद्र गुप्ता नियुक्त
रतलाम मेडिकल कालेज में कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज और व्यवस्था में लगातार सामने आ रही लापरवाही और शिकायतों के चलते आखिरकार डॉ. शशि गांधी को शासकीय मेडिकल कॉलेज के डीन पद से हटा दिया गया है। अब उनके स्थान पर डॉ. जितेंद्र गुप्ता को डीन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, उन्हें ये व्यवस्था अस्थायी तौर पर दी गई है। डॉ. गुप्ता को नई जिम्मेदारी मिलने से अब अधीक्षक पद पर फॉरेंसिक विभाग के हेड डॉ. प्रदीप कुमार मिश्रा को अधीक्षक बनाया गया है।
आदेश में कही गई ये बात
डॉ. गांधी को डीन पद से हटाने का आदेश संभागायुक्त संदीप यादव द्वारा रविवार को जारी किया। आदेश में बताया गया कि, डॉ. गांधी को 13 अक्टूबर 2020 को रतलाम मेडिकल कॉलेज के डीन पद का प्रभार अस्थायी तौर पर सौंपा गया है। उक्त आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। संभागायुक्त के अनुसार मेडिकल कॉलेज के डीन का प्रभार अस्थायी रूप से डॉ. जितेंद्र गुप्ता को दिया जा रहा है। डॉ. गुप्ता एनॉटॉमी शाखा के प्रभारी होकर अधीक्षक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। पिछले दिनों डॉ. गांधी के कोरोना पॉजिटिव होने के दौरान भी डॉ. गुप्ता ने डीन की जिम्मेदारी संभाली थी।
डॉ.पाडेय की नाराजगी तो तबादले की वजह नहीं
बताया जा रहा है कि रतलाम मेडिकल कॉलज में व्याप्त अव्यवस्थाओं की लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। पिछले दिनों जिला कोविड प्रभारी एवं प्रदेश के वित्त व आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा के रतलाम प्रवास के दौरान काफी शिकायतें मिलीं थीं। तब मंत्री देवड़ा ने डीन को व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर कई निर्देश दिए थे, बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। इसके चलते ही उक्त कार्रवाई हुई। डीन बदले जाने का संकेत मंत्री देवड़ा के रतलाम आगमन के दौरान रतलाम-झाबुआ सांसद ने भी मीडियाकर्मियों से चर्चा में दे दिया था। बता दें डॉ. गांधी के रवैये को लेकर जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय भी लंबे समय से खफा थे। माना जा रहा है कि डॉ. डीन को हटाए जाने के पीछे एक वजह डॉ. पांडेय की नाराजगी भी है।
Updated on:
19 Apr 2021 05:06 pm
Published on:
19 Apr 2021 05:06 pm
