आलोट. पुलिस थाने पर पदस्थ कुछ पुलिस कर्मचारियों की अवैध रूप से वसूली और कार्यशैली के विरोध में भाजपा नेता-कार्यकर्ताओ मंगलवार को पुलिस थाना परिसर में ही धरने पर बैठ गए। छह घंटे के धरने के बाद शाम को पुलिस अधीक्षक के नाम का एक ज्ञापन पत्र एसडीओपी शाबेरा अंसारी को सौंपने के बाद धरना खत्म हुआ। इसमें उन्होंने तीन दिवस में निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की गई। ऐसा नहीं होने की दशा में पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत के नेतृत्व मे बडा आंदोलन करने की चेतावनी दी। शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा ने आलोट के सात भाजपा नेताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।
भाजपा नेताओं का कहना है कि किसान लोग इन दिनों खेती व मकान निर्माण आदि कार्य के लिए जेसीबी मशीन व ट्रेक्टर-ट्राली का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस उन्हें पकड रही हैं और इन्हे छोडने के नाम पर अवैध रूप से वसूली की जा रही है। इसकी कुछ लोगों ने शपथ-पत्र के साथ लेनदेन की लिखित शिकायत की है। मंडल अध्यक्ष विक्रमसिंह आंजना ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि इसके बाद थाना प्रभारी से उक्त मामले में चर्चा की तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। ज्ञापन पत्र में अवैध रूप से वसूली करने वाले पुलिस कर्मचारियों की नामजद शिकायत करते हुए तीन दिवस में इनका निलंबन कार्रवाई की मांग की है। यदि ऐसा नहीं होता है।
ये बैठे धरने पर
करीब 6 घंटे तक चले घरने पर बैठने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष आंजना, पूर्व अध्यक्ष दिनेश कोठारी, कैलाश गुप्ता एवं पवन शर्मा, अनिल भरावा सहित बडी संख्या में पार्टी नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अवैध रेत के मामले में ट्रैक्टर-ट्राली जब्त
अवैध रेत खनन के मामले में ग्राम जलोदिया के पास स्थित लूनी से दो ट्रेक्टर-ट्राली, एक जेसीबी मशीन को पकडा है। इन्हें नियमानुसार कार्रवाई कर जप्त की है। साथ ही तीनों ड्राइवरों को गिरफ्तार किया गया है।
शिवमंगलसिंह सेंगर, थाना प्रभारी आलोट