रतलाम. रतलाम-बांसवाड़ा रोड स्थित धामनोद बाइपास पर गुरुवार की शाम भीषण सडक़ हादसा हो गया। बाइक सवार पिता-पुत्री की बाइक को डंपर ने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में तीन साल की मासूम की मौत हो गई जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को जिला अस्पताल से रात में ही मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सैलाना के रामगढ़ निवासी 30 साल का कालू पिता रत्ना मईड़ा अपनी तीन साल की पुत्री लक्ष्मी को लेकर बाइक से गांव से रतलाम आ रहा था। डिलीवरी होने से एमसीएच में भर्ती कालू की पत्नी टिंकू के लिए वह और पुत्री खाने का टिफिन लेकर आ रहे थे। गांव से निकलकर वे धामनोद बाइपास पर शाम करीब सवा छह बजे पहुंचे ही थे कि सामने से तेजी से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कालू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल और बच्ची को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने बच्ची की मृत घोषित कर दिया। सैलाना में सांसद प्रतिनिधि बद्रीलाल चौधरी ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना उस समय लगी जब वे रतलाम से सैलाना जा रहे थे। इस पर तुरंत ही वे लौटकर जिला अस्पताल पहुंचे। घायल कालू का प्राथमिक इलाज करवाया और स्थिति गंभीर होने से उसे रात में ही मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।