
शापित नदी चंबल की कहानी
chambal river चंबल मध्य भारत की प्रमुख नदी है, जो मध्य प्रदेश में विंध्य रेंज से महू के जानापाव से निकलती है और राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश राज्य से होकर बहती है। यमुना की इस सहायक नदी की लंबाई 960 किलोमीटर है, जो उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के मुरादगंज (भरेह के पास पचनाडा) स्थान में यमुना नदी में मिल जाती है। इस नदी की भी 11 सहायक नदियां हैं जो काली, पार्वती, बनास, कुराई, बामनी, शिप्रा आदि नामों से जानी जाती हैं। इस नदी पर कोटा बैराज, राणा प्रताप सागर बांध और गांधी सागर बांध बनाए गए हैं, जो क्षेत्र में सिंचाई आदि की जरूरतों को पूरा करती है।
क्यों माना जाता है चंबल को शापित
किंवदंती और धार्मिक कथाओं के अनुसार चंबल नदी की उत्पत्ति जानवरों के खून से हुई है। महाकाव्य महाभारत में इसका उल्लेख चर्मण्यवती के रूप में किया गया है। इसके अनुसार प्राचीनकाल में एक राजा थे रंतिदेव जिन्होंने यज्ञ के लिए हजारों जानवरों की बलि दे दी थी और उनका खून बहा दिया। जानवरों की चर्म राशि और खून ने नदी का रूप ले लिया। इसलिए इसे अपवित्र माना जाता है और गंगा, यमुना, गोदावरी, कृष्णा कावेरी जैसी नदियों की तरह इनकी पूजा नहीं की जाती।
द्रौपदी के शाप की कथा
वहीं एक अन्य कथा के अनुसार द्रौपदी ने नदी को श्राप दिया था। कहा जाता है कि महाभारत काल में चंबल के किनारे ही कौरवों और पांडवों के बीच द्युत क्रीड़ा हुई थी। इसमें पांडव द्रौपदी को दुर्योधन से हार गए थे। इस घटना से आहत होकर ही द्रौपदी ने चंबल की पूजा-अर्चना से परहेज किए जाने का श्राप दिया था। जिसके कारण लोग इसका उपयोग नहीं करते थे।
श्रवण कुमार चंबल की कथा
यह भी किंवदंती है कि इस नदी का पानी पीने से लोग आक्रामक हो जाते हैं। किंवदंती के अनुसार एक बार माता पिता को कांवड़ से तीर्थ यात्रा पर ले जा रहे श्रवण कुमार ने चंबल का पानी पीया तो उनमें भी आक्रामकता आ गई और माता-पिता पर गुस्सा होकर उन्हें वहीं छोड़कर चल दिए। हालांकि थोड़ी आगे जाने पर उन्हें एहसास हुआ तो उन्होंने क्षमा मांगी और साथ ले गए।
भारत की अन्य शापित नदियां
भारत की अन्य शापित नदियों में कर्मनाशा, फल्गु आदि शामिल हैं। मान्यता है कि इन नदियों का पानी छू लेने मात्र से बनते काम बिगड़ जाते हैं। बिहार के गया जिले में बहने वाली फल्गु नदी के किनारे हर साल लाखों लोग पिंडदान और श्राद्ध करने के लिए पहुंचते हैं। इसलिए यहां के लोग नदी को देवी नहीं बल्कि श्रापित मानते हैं। कहते हैं कि इस नदी को माता सीता ने श्राप दिया था, तब से लोग इस नदी पर जाने से बचते हैं । वहीं बिहार की प्रमुख नदियों में शामिल कर्मनाशा के बारे में लोगों की मान्यता है कि जो लोग इस नदी के पानी को छू लेते हैं, उनके बनते काम भी बिगड़ जाते हैं।
Updated on:
16 Sept 2023 02:35 pm
Published on:
14 Sept 2023 10:29 pm
बड़ी खबरें
View Allधर्म और अध्यात्म
धर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
