फिर कलश को स्थापित करने के लिए उसके नीचे बालू की वेदी बनाते हैं और कलश पर रखे जाने वाले कसोरे में शुद्ध मिट्टी में जौ बोते हैं (जौ बोने की विधि धन-धान्य की देवी अन्नपूर्णा को प्रसन्न करने के लिए अपनाई जाती है।)। इसके बाद मां दुर्गा की फोटो या मूर्ति को पूजा स्थल के बीचों-बीच स्थापित करते है और मां का श्रृंगार रोली ,चावल, सिंदूर, माला, फूल, चुनरी, साड़ी, आभूषण और सुहाग से करते हैं। पूजा स्थल में एक अखंड दीप जलाया जाता है जिसे व्रत के आखिरी दिन तक जलाया जाना चाहिए। कलश स्थापना करने के बाद, गणेश जी और मां दुर्गा की आरती करते है जिसके बाद नौ दिनों का व्रत शुरू हो जाता है।