
रीवा. मध्यप्रदेश के एक और भ्रष्ट अधिकारी की काली कमाई का खुलासा हुआ है। अधिकारी का नाम मुनेन्द्र कुमार दुबे है जो कि उमरिया में सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी के पद पर पदस्थ है। बुधवार को जब लोकायुक्त की टीम ने मुनेन्द्र कुमार के भोपाल, रीवा, शहडोल और उमरिया स्थित आवासों पर एक साथ छापेमारी की तो काली कमाई के इस कुबेर के कारनामों का खुलासा हुआ। अधिकारी के रीवा स्थित मकान से एक किलो सोने की ईंट, 80 लाख कैश सहित करीब 4 करोड़ की संपत्ति मिली है।
चार शहरों में एक साथ छापेमारी
दरअसल उमरिया में तैनात सहायक भू सर्वेक्षण अधिकारी मुनेन्द्र कुमार के खिलाफ लोकायुक्त को सूचना मिली थी कि अधिकारी ने गलत तरीके से करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद लोकायुक्त ने शिकायत की जांच कराई और जांच सही पाए जाने पर मामला दर्ज कर कोर्ट से चार शहरों में स्थित अधिकारी के आवास की सर्चिंग का वारंट जारी कराया था। चार अलग अलग टीमें बनाईं गईं और बुधवार की सुबह 5 बजे के आसपास एक साथ अधिकारी मुनेन्द्र कुमार के भोपाल, रीवा, उमरिया और शहडोल स्थित आवास पर लोकायुक्त की टीम ने दबिश दी। खबर लिखे जाने तक भ्रष्ट अधिकारी के पास चार करोड़ से भी ज्यादा की संपत्ति उजागर हो चुकी है। जो आगे और बढ़ सकती है।
कैश और संपत्ति देखकर अधिकारी रह गए हैरान
बुधवार की सुबह जब लोकायुक्त टीम ने भ्रष्ट अधिकारी मुनेन्द्र कुमार के रीवा के छत्रपति नगर स्थित आवास पर दबिश दी और सर्चिंग की तो टीम को घर से एक किलो की सोने की ईंट मिली जिसे देखकर टीम हैरान रह गई। अलमारी और लॉकर खंगाला तो 80 लाख रुपए कैश और 23 लाख रुपए की एफडी के साथ ही कोरोड़ों रुपए की कृषि भूमि और प्लाट सहित कई गाड़ियों के होने की जानकारी भी मिली है। लोकायुक्त टीम ने बताया कि सहायक भू-सर्वेक्षण अधिकारी ने राजधानी भोपाल के कोलार रोड में आलीशान मकान बनवाया है। साथ ही भोपाल में कई प्लाट और जमीन के रिकॉर्ड भी मिले हैं। अभी भी कार्रवाई जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद पूरी संपत्ति का खुलासा हो सकता है।
देखें वीडियो- 50 साल के संघर्ष के बाद एक झटके में करोड़पति बना मजदूर
Published on:
14 Jul 2021 07:11 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
