
congress party meeting in rewa mp, political news
रीवा। शहर कांग्रेस के मंडलम और सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक में कार्यकर्ताओं ने मन की भड़ास भी निकाली और कहा कि अब तक उन्हीं लोगों को महत्व मिलता रहा है जो बड़े नेताओं के करीबी रहे हैं। अब संगठन नए सिरे से जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान दे रहा है तो चुनाव जिताने के लिए जान तक लगा देंगे। कई कार्यकर्ताओं ने पूर्व में किए गए पक्षपात की घटनाओं का भी उल्लेख किया लेकिन उम्मीद भी जताई कि अब सबकुछ ठीक होगा।
संभागीय संगठन प्रभारी दीपक पाठक और जिला प्रभारी मनोज त्रिवेदी ने करीब चार घंटे तक घोघर के कांग्रेस भवन परिसर में चली बैठक में कार्यकर्ताओं को बोलने का अवसर दिया।
पक्षपातपूर्ण निर्णय लेकर हटाया
इस बीच नव नियुक्त महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष कविता पाण्डेय ने भी कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस के लिए काम किया लेकिन पक्षपातपूर्ण निर्णय लेेते हुए पार्टी ने उन्हें कुछ समय के लिए निलंबित कर रखा था। अब फिर से सम्मान मिला है, उसका रिजल्ट भी दिखेगा। उन्होंने कहा कि शहर के हर वार्ड में महिला कांग्रेस की इकाई खड़ी होगी।
बिना कारण आदिवासी अध्यक्ष को क्यों हटाया
युवा कांग्रेस के वसीम खान ने कहा कि पार्टी में एससी और एसटी वर्ग के युवाओं को तरजीह नहीं मिल पा रही है। लोकसभा कमेटी के निर्वाचित अध्यक्ष को बिना किसी सूचना के हटाकर नई नियुक्ति कर दी गई। इससे अन्य कार्यकर्ताओं का भी मनोबल गिरा है। ऐसे निर्णय होते रहे तो समस्या बनी रहेगी।
अब सामूहिक रूप से निर्णय लिए जाएंगे
संगठन प्रभारी दीपक पाठक ने कार्यकर्ताओं को आश्वास्त किया है कि किसी तरह के पक्षपात का काम अब नहीं होगा। हर निर्णय अब सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। उन्होंने हर बूथ में संगठन को मजबूत बनाने के तरीके कार्यकर्ताओं को बताए। साथ ही कहा कि जो पुराने कार्यकर्ता घर बैठे हैं उन्हें भी बाहर निकालेंगे और जवाबदेही सौंपेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू ने भी संगठनात्मक विस्तार की अपनी तैयारियों के बारे में संगठन को बताया। साथ ही कहा कि हर क्षेत्र और वर्ग को प्रतिनिधित्व मिलेगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष बिन्द्रा प्रसाद, विमलेंद्र तिवारी, शिवप्रसाद प्रधान, डॉ. मुजीब खान, समर्थ सिंह, विनोद शर्मा, अर्चना द्विवेदी, लल्लन खान, लखनलाल खंडेलवाल, गोविंद शुक्ला, श्रीप्रकाश तोमर, अनुपम तिवारी, अनिल मिश्रा, राजेन्द्र सिंह, कुलवंत सिंह, मनोज अग्रवाल, अनूप सिंह चन्देल रामकीर्ति, बृजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
वोटर लिस्ट से फर्जी नाम चिह्नित करेंगे कार्यकर्ता
संगठन प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अपने बूथ के फर्जी मतदाताओं के नाम चिह्नित करें और उनकी जानकारी संगठन तक पहुंचाएं। जिससे चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई जा सके।
Published on:
19 Jun 2018 04:43 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
