5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली पर खूनी संघर्ष में एक की मौत के बाद तनाव, भारी पुलिस तैनात

MP News: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के ढाबा गौतमान गांव में होली के दिन दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश ने वर्ग संघर्ष का रूप ले लिया और एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद मृतक पक्ष के लोगों ने भी आरोपियों के घरों में हमला बोल […]

3 min read
Google source verification
mauganj

holi clash one dead tension in village heavy police deployed

MP News: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के ढाबा गौतमान गांव में होली के दिन दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश ने वर्ग संघर्ष का रूप ले लिया और एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद मृतक पक्ष के लोगों ने भी आरोपियों के घरों में हमला बोल दिया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में किया। मृतक के शव का अंतिम संस्कार करने से परिजनों ने इंकार कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष

ढाबा गौतमान गांव में होली के दिन चार मार्च को शाम के वक्त दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। कई लोगों ने पूरनलाल पटेल नाम के युवक को घेरकर हमला कर दिया, यह देखकर पूरनलाल के पिता रघुवीर पटेल (55) ने बीच बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान कई अन्य लोग भी आए और दोनों पक्षों के बीच संघर्ष शुरू हो गया और एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट की गई। एक पक्ष से पांच व दूसरे पक्ष से चार लोग घायल हो गए। घटना से काफी देर तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित रहा। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया जहां से उनको संजय गांधी अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रघुवीर पटेल की मौत हो गई।

अंतिम संस्कार रोकने से बढ़ा तनाव

गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक रघुवीर पटेल का शव गांव पहुंचाया तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इंकार करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी की वजह से तनाव जैसी स्थिति बन गई और कुछ युवक आरोपियों की बस्ती की ओर हमला करने दौड़ पड़े। एसडीओपी सची पाठक सहित भारी पुलिस बल भी बस्ती पहुंचा और परिजनों को समझाईश देकर मामले को शांत कराया गया। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेने के बाद मामला शांत हुआ।

प्रेस प्रसंग की घटना से बढ़ा विवाद

बताया गया है कि दोनों पक्षों में विवाद एक युवक और किशोरी के बीच कथित प्रेम प्रसंग के चलते शुरू हुआ था। पूर्व में दोनों कुछ समय के लिए घर से गायब हो गए थे, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण व बलात्कार का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। तब से लड़की पक्ष के लोग रंजिश रखे हुए थे। हाल ही में उक्त युवक जेल से बाहर आया है, जिससे बदला लेने के लिए होली का दिन तय किया गया और सुनियोजित तरीके से उस पर हमला किया, परिवार के लोग बचाने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

18 से अधिक आरोपी, चार को पुलिस ने हिरासत में लिया

घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को भी पुलिस नामजद करने का प्रयास कर रही है। मृतक के परिजनों ने 18 से अधिक आरोपियों की जानकारी पुलिस को दी है, जिस पर पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिनसे अभी पूछताछ की जा रही है। वहीं कुछ आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती हैं जिनका इलाज चल रहा है। दलित बस्ती के कई आरोपी अपना घर छोड़ गायब हो गए हैं। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। मऊगंज एसडीओपी सची पाठक ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों तरफ से मामला दर्ज कर लिया है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित परिवार द्वारा कुछ मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था, जिनसे बातचीत कर समझाइश दी गई है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।