
CMO car Accident road one dead
राहतगढ़/बेरखेड़ी सड़क. भोपाल हाइवे पर शनिवार सुबह मकरोनिया नगर पालिका सीएमओ की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। खून से लथपथ हालत में पड़े ग्रामीण को देख वहां भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। ग्रामीण एक दिन पहले लापता हुए अपने पुत्र की तलाश में घर से निकला था। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
मरदानपुर निवासी रामप्रसाद पुत्र पुन्ना बंसल (40) शनिवार को अपने लापता पुत्र की तलाश में बेरखेड़ी सड़क आया था। जानकारी के अनुसार रामप्रसाद का छोटा बेटा शुक्रवार रात को अचानक गायब हो गया था और किसी ने उसके बेरखेड़ी में होने की खबर दी थी। इसी के चलते वह सुबह साइकिल से गांव के बाहर सड़क पर स्थित ढाबे पर गया था और वहां से लौटते समय सागर की ओर से आ रही नगर पालिका मकरोनिया के सीएमओ की कार उससे टकरा गई।
टक्कर के बाद सहित कई फीट दूर उछलकर गिरने से रामप्रसाद के पेट और सिर में घातक चोट आई और सड़क पर खून से सन गई। नपा सीएमओ रामचरण अहिरवार ने बताया उन्हें संचालनालय बुलाया गया था। उनकी कार सीधे रास्ते पर थी कि बेरखेड़ी में साइकिल सवार सड़क पार करता दिखा।
ड्राइवर ने कार को साइकिल के पीछे की ओर से निकालना चाहा लेकिन साइकिल चला रहे ग्रामीण ने हड़बड़ी में उसे पीछे की ओर घुमा दिया। कार का साइड मिरर उससे टकराया और वह साइकिल सहित सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद उन्होंने एम्बुलेंस को खबर दी और स्वयं राहतगढ़ थाने पहुंचे। हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके से कार जब्त करते हुए सीएमओ की कार के ड्राइवर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
Published on:
05 Aug 2018 09:59 am
