
सुनसान जगह पर छोड़ आया था चाचा, युवक ने किया बलात्कार
गौरझामर/ सागर. गौरझामर थाना क्षेत्र में फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने आदिवासी छात्रा के साथ दुराचार का मामला सामने आने के बाद अपराध दर्ज कर पीडि़ता के रिश्ते के चाचा सहित दो अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरझामर टीआइ रविन्द्र मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव की आठवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा १० सितंबर की शाम अचानक लापता हो गई थी। एक दिन गायब रहने के बाद अगले दिन वह तलाश में भटक रहे परिजनों को मिल गई। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को बताया कि उसके साथ गांव के युवक ने दुराचार किया है। उसने बताया कि १० सितंबर की शाम करीब ५ बजे उसे रिश्ते का चाचा बुलाकर ले गया था और गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले जाकर उसे गांव के ही शिवचरण गौंड़ को सौंप दिया। शिवचरण ने बंधक बनाकर उसके साथ मनमानी की। किसी तरह अगले दिन छात्रा उसके चंगुल से छूट निकली और माता-पिता को आपबीती सुनाई। गौरझामर पुलिस ने बुधवार शाम को छात्रा की शिकायत तो सुनी लेकिन महिला पुलिसकर्मी न होने से बयान दर्ज नहीं किए ।
भटकती रही किशोरी
गौरझामर थाने में महिला पुलिसकर्मी के न होने के कारण पीडि़ता को दो दिन तक थाने के चक्कर काटते हुए परेशानी उठानी पड़ी। वह बुधवार और गुरुवार को दो बार थाने पहुंची, जहां से उसे देवरी भेजना पड़ा जहां महिला पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर मेडिकल कराया।
इधर, विधवा महिला से दुराचार
सागर. अपने से दस साल ज्यादा आयु वाली विधवा महिला के साथ मंगलवार रात उसी के परिचित युवक द्वारा दुराचार करने का मामला सामने आया है। मकरोनिया टीआइ आरएस ठाकुर ने बताया कि दुर्गानगर निवासी ४० वर्षीय विधवा महिला ने बुधवार को थाने पहुंचकर शिकायत की थी। उसने बताया कि रजाखेड़ी निवासी युवक सोनू बंसल को पहले से जानती है। युवक उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा था। उसने कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माना और मंगलवार रात घर में घुसकर बलात्कार किया और भाग गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराते हुए अपराध दर्ज करके सोनू बंसल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है।
Published on:
14 Sept 2018 12:31 pm
