
अब सागर में सीधी जैसा कांड : नग्न अवस्था में युवक की बेरहमी से पिटाई, वायरल हुआ वीडियो
मध्य प्रदेश में एक के बाद एक शर्मसार कर देने वाले मामले सामने आ रहे हैं। सूबे के सीधी में आदिवासी युवक पर भाजपा नेता द्वारा किए गए पेशाब कांड के बाद अब सागर में एक युवक के साथ बेरहमी से पिटाई का एक वीडियो सामने आया है। सामने आए वीडियो में पांच-छह लोगों द्वारा एक युवक के नग्न अवस्था में डंडे से पीटा जा रहा है। इस घटना के एक नहीं बल्कि दो वीडियो सामने आए हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में निर्वस्त्र अवस्था में बैठा रहम की भीख मांगते हुए मारपीट करने वालों से माफी मांग रहा है।
युवक के साथ बेरहमी की इंतेहा का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि, मारपीट करने वाले बदमाश उसे अंडरवियर तक नहीं पहनने दे रहे हैं। एक तरफ तो युवक के साथ बेरहमी से मारपीट ही कम नहीं थी और ऊपर से उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बनाना और भी घिनौना कृत्य है। फिलहाल, पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए वायरल वीडियो की पड़ताल शुरु कर दी है। वहीं, पुलिस की ओर से इस मामले को लेकर एक प्रेस नोट भी जारी किया गया है।
घटना के दो वीडियो हो रहे वायरल
पहला वीडियो- सोशल मीडिया पर इस घटना के दो वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें से पहले वीडियो में एक युवक को नग्न कर बैठाया गया है और मारपीट करने वाले लोग बारी-बारी से उसके हाथों पर डंडा नुमा प्लास्टिक के पाइप से पिटाई कर रहे हैं। वीडियो में युवक बेतहाशा चीखें मार रहा है। साथ ही, आगे से ऐसी गलती न करने की कसमें खा रहा है। मारपीट करने वाले उससे चोरी की किसी घटना के संबंध में सवाल कर रहे हैं। हालांकि, वीडियो को लेकर चर्चा ये है कि, ये शहर के मोतीनगर थाना इलाके का है।
दूसरा वीडियो- वहीं, दूसरे वीडियो में पीड़ित युवक निर्वस्त्र अवस्था में खड़ा होकर हाथजोड़े हुआ है। साथ ही, वीडियो में देखते हुए माफी मांग रहा है। इस दौरान मारपीट करने वाले वहीं लोग मौजूद उसे अंडरवियर तक नहीं पहनने दे रहे। हालांकि, ये वीडियो इतना निर्मम है कि, पत्रिका आपको दिखाने में असमर्थ है। फिलहाल, पुलिस इस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है, लेकिन अबतक पीड़ित या मारपीट करने वालों की शिनाख्त नहीं की जा सकी है। माना जा रहा है कि, मामला किसी चोरी की घटना से जुड़ा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर किया जांच शुरू
वायरल वीडियो को लेकर एएसपी विक्रम सिंह कुशवाह का कहना है कि, सोशल मीडिया के कई ग्रुपों पर मारपीट के ये वीडियो वायरल हुए हैं। वीडियो का समय स्थान और व्यक्तियों की पहचान स्थापित नहीं है। वीडियो को मोती नगर इलाके के अंतर्गत आने वाले एक प्रतिष्ठान के परिसर का होना अभिकथित किया जा रहा है। उक्त वीडियो को संज्ञान में लेते हुए प्रथम दृष्ट्या मोती नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
Published on:
09 Jul 2023 08:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
