
सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान 5 युवकों ने किया ऐसा काम कि परीक्षा केंद्रों में मच गया हड़कंप
सहारनपुर. सिपाही भर्ती परीक्षा देने पहुंचे 5 अभ्यर्थी अपने साथ उत्तर पुस्तिका यानी आंसर शीट को ही ले गए। परीक्षा खत्म होने के बाद जब मिलान किया गया तो 5 आंसर शीट कम मिलीं। इससे परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। इसके बाद इन पांचों अभ्यर्थियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अब इन पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। बता दें कि प्रदेश में सिपाही भर्ती परीक्षा चल रही है। सहारनपुर में भी 2 दिन तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा के लिए 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में 2 दिनों में करीब 70 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद है। पहले ही दिन करीब 35 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
बताया जा रहा है कि सहारनपुर के बीचों-बीच स्थित गिल कॉलोनी के आर्य कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने आया एक अभ्यर्थी अपने साथ आंसर शीट को ले गया। इसका नाम अनुज कुमार पुत्र अजय पाल सिंह बताया जा रहा है, जो बिजनौर के गड़ाना का रहने वाला है। वहीं एक अन्य अभ्यर्थी जिसका नाम गौरव कुमार पुत्र प्रमोद कुमार बताया जा रहा है यह मेरठ के मसूरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इन दोनों के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में हेड क्लर्क की ओर से गबन की रिपोर्ट दी गई और इसके आधार पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कर दिया। वहीं सत्य श्री कृष्ण इंटर कॉलेज गागलहेड़ी में परीक्षा देने आया मुजफ्फरनगर का रहने वाला सचिन भी आंसर शीट अपने साथ ले गया। इसके खिलाफ भी गागलहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस बारे में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि कुल 5 ऐसे अभ्यर्थी हैं, जो उत्तर पुस्तिका अपने साथ ले गए हैं। इन पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
आप भी रहे सावधान कहीं गलती ना पड़ जाए भारी
सिपाही भर्ती परीक्षा देने पहुंचे ये 5 अभ्यर्थी जान-बूझकर आंसर शीट अपने साथ ले गए या इनसे कोई गलती हो गई यह तो जांच का विषय है। लेकिन, अगर आप भी भर्ती परीक्षा देने जा रहे हैं तो सावधान रहिएगा। हम आपको बता रहे हैं कि परीक्षा के दौरान तीन तरह की उत्तरपुस्तिका आपके सामने आएंगी। इसमें एक मुख्य उत्तर पुस्तिका होती है। दूसरी ऑफिस कॉपी होती हैं और तीसरी कॉपी परीक्षार्थी के लिए होती है। यानी आपको 2 सीट परीक्षा उपरांत परीक्षा केंद्र पर ही छोड़नी होती हैं और तीसरी को आप अपने साथ ले जा सकते हैं। इसलिए परीक्षा के बाद ओरिजिनल कॉपी या ऑफिस कॉपी अपने साथ न लाएं। अगर आपने ऐसा किया तो मुसीबत में पड़ सकते हैं।
Updated on:
19 Jun 2018, 11:41 AM IST
Published on:
19 Jun 2018, 11:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.