
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में स्वाभिमान रैली को संबोधित करते केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ( फोटो स्रोत पत्रिका )
सहारनपुर पहुंचे रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने अठन्नी और चवन्नी के बयान पर कहा कि विरोधियों की जुबां पर बार-बार RLD का नाम आ रहा है यह रालोद की मजबूती का प्रमाण है। नशे पर बोलते हुए युवा पीढ़ी के लिए चिंता जताई और कहा कि विरोधी चीनी की महंगाई की बात कर रहे हैं एथोनॉल पर बात कर रहे हैं लेकिन हम किसानों की बात करते हैं। इस बार 400 पार हुई तो गन्ने का भाव भी 400 पार करेंगे। मंच से बोलते हुए चारू चौधरी ने कहा कि मुझे चौधरी घराने और अपने पति पर गर्व है। बोली कि हम चाहे चुनाव जीते या हारे लेकिन हमेशा किसानों के बीच रहे और किसानों की बात की।
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गौचर महाविद्यालय में गुरुवार को रालोद की रैली हुई। यहां मंच से विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए जयंत ने कहा कि जो लोग एथेनॉल और चीनी के कीमतों पर चिल्ला रहे हैं उन्हे किसानों के लिए भी बोलना चाहिए। सवाल पूछते हुए कहा कि ये लोग किसानों के सवाल पर क्यों चुप हैं ? इस तरह रैली में किसानों और विपक्ष की बात करते हुए जयंत चौधरी ने 2027 साधने की कोशिश करते हुए कहा कि एथोनॉल से किसान मजबूत होगा। किसान के मजबूत होने से देश मजबूत होगा। बोले कि किसान देश में सरकार बनाते हैं उनका कुनबा भी बहुत बड़ा है लेकिन राजनीतिक में किसान मजबूत नहीं है। इसलिए किसानों को अपना मजबूत वकील यानी नेता चुनना होगा। ऐसा वकील जो उनकी बात को पूरी मजबूती के साथ उठाने वाला हो।
जयंत चौधरी ने एथोनॉल की इतनी वकालत करते हुए यह तक बोल दिया कि चौधरी अजीत सिंह भी एथोनॉल के पक्ष को मजबूती से उठाते थे। जयंत यहीं नहीं रुके और किसानों को साधते हुए उन्होंने कहा कि इस बार विधान सभा चुनाव में सीटे 400 पार होने पर गन्ने का भुगतान भी 400 पार जाएगा। समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों की जुबां से रालोद का नाम नहीं हट रहा। यह भी कहा कि समय आने पर विरोधियों को जवाब दिया जाएगा। यह भी कहा कि चौधरी चरण सिंह का परिवार कोई एक परिवार नहीं है बल्कि पूरा किसान समाज ही चौधरी चरण सिंह का परिवार है।
यह पहली बार था जब जयंत चौधरी सहारनपुर में परिवार के साथ मंच पर पहुंचे। जयंत चौधरी के बाद चारू चौधरी ने कहा कि सामने वाली की बयानबाजी से उसके मानसिक स्तर का पता चलता है। सत्ता में कौन आएगा कौन जाएगा इसका निर्णय जनता करती है। इसके बाद चारू चौधरी ने कहा कि ''मुझे इस बात का गर्व है कि मेरा विवाह इस समाज में हुआ, देश के प्रति इस समाज का जो योगदान रहा है उस पर भी मुझे गर्व है। यह भी कहा कि हम चुनाव जीते या हारें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता लेकिन किसानों के बीच रहते हैं किसानों की बात करते हैं और किसानों के लिए हमेशा खड़े हैं। किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि आपके स्वाभिमान के लिए अगर लड़ने की जरूरत पड़ी तो लड़ेंगे और अगर जीने-मरना पड़ा तो भी पीछे नहीं हटेंगे। रैली में आए लोगों से कहा कि अगर वह अपनी चौधराहट को बरकरार रखना चाहते हैं तो उन्हे अपने मंच को मजबूत करना पड़ेगा।
जयंत चौधरी ने मंच से युवाओं का आह्वान करते हुए वेस्ट में नशे को गंभीर चुनौती बताया। इसके लिए उन्होंने लोगों से सामूहिक रूप से अभियान चलाने की अपील की। नशे के खिलाफ लोगों को खड़ा होने और युवाओं को नशे दूर रहने के लिए कहा। इसके साथ ही नशे के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर 14446 के बारे में बताते हुए नशें के खिलाफ सभी से योगदान करने की अपील की। जयंत चौधरी ने गन्ना नियंत्रण आदेश 2026 में प्रस्तावित बदलाव लिए जाने को किसानों की जीत बताया और कहा कि इससे कोल्हू और खांडसारी इकाइयों को लेकर किसानों के लिए वैकल्पिक बाजार प्रभावित होने की आशंका थी लेकिन जब किसानों के सुझावों को मजबूती से रखा गया तो प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली।
इस मौके पर जयंत चौधरी ने गोचर कृषि इंटर कॉलेज के परिसर में कम्युनिटी हॉल का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपनी सांसद निधि से कॉलेज में मिनि स्टेडियम बनवाएंगे। मिनि स्टेडियम से छात्र-छात्राओं में खेल का विकास होगा और उनकी योग्यता का विकास होगा। कुल मिलाकर इस रैली में जयंत चौधरी ने किसानों को साधने की कोशिश की। विरोधियों पर निशाना पर भी साधा लेकिन सीधे किसी का नाम ना लेकर किसानों के आधार पर और किसानों के मुद्दों पर विरोधियों को घेरा। इससे साफ है कि अब जयंत चौधरी अपने समाज के साथ-साथ पूरी किसान लॉबी को साथ लेकर चलना चाहते हैं। आगामी विधान सभा चुनाव में वह किसानों के मुद्दे पर लड़ाई लड़ेंगे और इसी मुद्दे पर विरोधियों को भी घेरेंगे।
Updated on:
04 Sept 2026 11:07 am
Published on:
04 Sept 2026 11:06 am
