
प्रतीकात्मक फोटो ( स्रोत ChatGpt )
Saharanpur News:सहारनपुर कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में मकान मालिक को पार्टी में बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने, बेहोश करने और नग्न हालत में अश्लील फोटो व वीडियो बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मकान मालिक से लाखों रुपये और ले लिए और फिर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की अहमद बाग कॉलोनी का है। कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला कायस्थान चौक निवासी श्याम कमल रस्तोगी ने पुलिस को दी तहरीर देते हुए बताया कि करीब दो वर्ष पहले शमशेर के कहने पर उन्होंने तेजपाल नाम एक व्यक्ति को अहमद बाग स्थित अपना मकान छह हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर दे दिया था। बाद में यह युवक एक महिला और बच्चे को लेकर अपने मकान में पहुंचा और इसके बाद से ये लोग मकान में किराए पर रहने लगे।
पीड़ित श्याम कमल रस्तोगी ने पुलिस को बताया कि, मकान किराए पर लेने के अगले ही दिन तेजपाल एक महिला पायल और एक बच्चे को लेकर वहां पहुंचा था। उस समय तेजपाल ने महिला को अपनी भतीजी बताया था। आरोप है कि सितंबर 2025 में बच्चे के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर उन्हें कमरे में बुलाया गया। कमरे में पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान उन्हे पेय पदार्थ पिलाया गया जिसमें कुछ नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पेय पदार्थ पीने के बाद वह बेसुध हो गए। आरोप है कि इसके बाद उनकी जानकारी और सहमति के बिना उन्हें नग्न कर अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए गए।
श्याम कमल रस्तोगी का आरोप है कि जनवरी 2026 में उन्होंने तेजपाल से मकान खाली करने और बकाया किराया देने के लिए कहा तो आरोपियों का लहजा बदल गया। इसके बाद आरोपियों ने कथित अश्लील फोटो और वीडियो व्हाट्सएप पर भेजकर उन्हें वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। पहली बार आरोपियों ने 50 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद से आरोपी थोड़ा-थोड़ा करके उससे रकम लेते रहे। इसके बाद लगातार रकम बढ़ाकर लाखों रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप है कि आरोपियों ने पार्श्वनाथ सिटी में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का मकान देखने की बात कहते हुए उनसे एक करोड़ रुपये मांग लिए। शिकायत में अलग-अलग मौकों पर करीब 30 लाख, चार लाख और साढ़े तीन लाख रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है।
मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि, पीड़ित की तहरीर के आधार पर तेजपाल, पायल रतन सिंह और रेखा समेत सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Updated on:
04 Sept 2026 07:58 pm
Published on:
04 Sept 2026 07:58 pm
