12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

UP Crime: सहारनपुर में युवती से मिलने गए युवक की पिटाई का आरोप, 5 लाख लेकर छोड़ने की बात

UP Crime: सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में युवती से मिलने पहुंचे एक शादीशुदा युवक को रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाने और मारपीट का आरोप है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की है। मामले में 5 लाख रुपये के कथित लेनदेन की चर्चा भी सामने आई है।
3 min read
Google source verification
up crime meerut committee payment dispute youth firing

प्रतीकात्मक तस्वीर। फोटो सोर्स- पत्रिका

UP Crime: सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। कासिमपुर गांव में युवती से मिलने पहुंचे एक शादीशुदा युवक को उसके परिजनों द्वारा पकड़कर रस्सी से उल्टा लटकाने और मारपीट करने का आरोप है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। वीडियो वीभत्स होने की वजह से कॉपी में अटैच नहीं किया गया है। साथ ही वायरल वीडियो की पुष्टि पत्रिका न्यूज टीम नहीं करती है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हालांकि, युवक को किसने बांधा और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रेमिका से मिलने कासिमपुर पहुंचा था युवक

बताया जा रहा है कि घटना 9 सितंबर की रात की है। युवक मिर्जापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी शादी हो चुकी है। आरोप है कि उसका कासिमपुर गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बुधवार रात युवक युवती से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। आरोप है कि उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।

रस्सी से उल्टा लटकाने का वीडियो वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक रस्सी के सहारे उल्टा लटका हुआ दिखाई दे रहा है और उसके आसपास कुछ लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर युवक के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई और पुलिस अधिकारियों तक भी इसकी जानकारी पहुंची।

रात में घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने शुरू की तलाश

जानकारी के मुताबिक, युवक देर रात तक अपने घर नहीं पहुंचा। इसके बाद उसके परिवार के लोग परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि युवक कासिमपुर में है और उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद युवक के परिजन गांव पहुंचे।

समझौते की बातचीत के दौरान रकम की चर्चा

युवक के परिजनों के गांव पहुंचने के बाद मामला शांत कराने के लिए कुछ लोगों के बीच बातचीत होने की बात सामने आई है। इसी दौरान युवक को छोड़ने और विवाद खत्म करने के लिए रकम के लेनदेन की चर्चा भी सामने आई। मामले में करीब 5 लाख रुपये के लेनदेन की बात कही जा रही है। दावा है कि इसमें 3 लाख रुपये युवती के परिजनों और 2 लाख रुपये बिचौलियों के जरिए लेने की बात हुई। हालांकि, कथित तौर पर रकम वास्तव में दी गई या नहीं, दी गई तो किसे दी गई और इस पूरे लेनदेन में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच तेज

वायरल वीडियो और मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद घटनाक्रम को गंभीरता से लिया गया। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर युवक को सहारनपुर बुलाया गया है। पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। वहीं, युवक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे अपने साथ सहारनपुर लेकर आई है। परिजन सवाल उठा रहे हैं कि जब युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आ चुका है, तो आरोपियों के खिलाफ अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

तहरीर नहीं मिलने की बात कह रही पुलिस

मिर्जापुर थाना पुलिस के मुताबिक, मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस वायरल वीडियो और सामने आई जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस युवक से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

सहारनपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग