
Symbolic Photo to Show BJP In Sonbhadra by BJP Party Flag
सहारनपुर। Uttar Pradesh Assembly Elections Result 2022 भाजपा ने इस बार पिछले विधान सभा चुनाव से ही बेहतर प्रदर्शन किया। सहारनपुर में भाजपा की चार सीट थी लेकिन इस बार भाजपा ने एक और सीट अपने नाम कर ली। कांग्रेस और बसपा का जनाधार काफी गिरा। कांग्रेस ने अपनी दो सीटें सहारनपुर में गंवा दी। बसपा को भी मतदाताओं ने सिरे से नकार दिया।
भाजपा के साथ-साथ इस बार सहारनपुर में समाजवादी पार्टी को बढ़त मिली। जिले की कुल सात सीटों में से दो सीट समाजवादी पार्टी के खाते में आई हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की प्रथम विधानसभा सीट बेहट और सहारनपुर देहात सीट शामिल है। बेहट सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी उमर अली खान ने भाजपा प्रत्याशी नरेश सैनी को तगड़े अंतर से हराया है। इसी तरह से सहारनपुर देहात सीट पर भाजपा के प्रत्याशी जगपाल सिंह को भी करारी हार मिली है।
सहारनपुर की इन दोनों सीटों पर भाजपा के जो प्रत्याशी हारे हैं वो दोनों ही दूसरी पार्टियों से भाजपा में आए थे। चुनाव से ठीक पहले उन्होंने अपनी अपनी पार्टियां बदल ली थी। भाजपा के अपने जो अन्य प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे उन सभी को जीत मिली है।
भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामने वाले डॉक्टर धर्म सिंह सैनी को भी जनता ने नकार दिया। प्रदेश की वीआईपी सीटों में शुमार नकुड़ सीट पर डॉक्टर धर्म सिंह सैनी भी हार गए। धर्म सिंह सैनी भाजपा में मंत्री रहे और चुनाव से ठीक पहले भाजपा को छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। यह अलग बात है कि इस सीट पर जीत और हार का अंतर काफी कम रहा। भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी ने महज 155 वोटों से डॉक्टर धर्म सिंह सैनी को हरा दिया डॉक्टर धर्म सिंह सैनी चार बार के लगातार के विधायक यहां रहे हैं लेकिन इस बार उन्हें तगड़ा झटका भाजपा ने दिया है।
भाजपा प्रत्याशी की बड़ी जीत हॉट सीट देवबंद में हुई है। देवबंद में भाजपा ने दूसरी बार लगातार जीत दर्ज की है। यहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कार्तिकेय राणा को भाजपा के प्रत्याशी और सीटिंग विधायक बृजेश सिंह ने 6,967 मतों से हरा दिया।
शहर सीट पिछली बार भाजपा हार गई थी लेकिन भाजपा ने इस बार शहर सीट को भी समाजवादी पार्टी से छीन लिया। यहां चुनाव मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर ने 6,980 वोटों से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और सहारनपुर नगर सीट से सिटिंग विधायक संजय गर्ग को हरा दिया। रामपुर मनिहारान से सुरक्षित सीट पर भाजपा के लिए मैदान में उतरे सीटिंग विधायक देवेंद्र निम ने भी बाजी मार ली। वह भी दूसरी बार इसी सीट से विधायक बने हैं। उन्होंने बसपा प्रत्याशी रविंद्र कुमार मोल्हू को 20,426 वोटों से मात दी है। गंगोह सीट पर भी भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया। यहां पर सीटिंग विधायक कीरत सिंह ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी चौधरी इंद्रसेन को 23192 वोटों से हरा दिया।
उत्तर प्रदेश की प्रथम विधानसभा सीट बेहट में उमर अली ने बढ़िया जीत हांसिल की। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी नरेश सैनी को 38,000 वोटों से हराया है। यह बड़ी जीत है और उमर अली खान दिल्ली के जामा मस्जिद के शाही इमाम के दामाद भी हैं। बता दें कि नरेश सैनी हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और भाजपा के टिकट पर उन्होंने चुनाव लड़ा था। इसी तरह से सहारनपुर देहात सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशु मलिक ने भी बेहतरीन जीत दर्ज की और 30760 वोटों से भाजपा प्रत्याशी जगपाल सिंह को हरा दिया। जगपाल सिंह बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
Published on:
11 Mar 2022 10:27 am
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
