
Young man beaten to death : यूपी के संभल जिले में मामूली विवाद के कारण दो पक्षों में हो रही मारपीट में बीच बचाव कराने की कीमत एक युवक को जान देकर चुकानी पड़ी है। बताया जा रहा है कि युवक पड़ोसियों के झगड़े को शांत कर रहा था। इसी बीच आरोपियों ने उस पर ही हमला बोल दिया और उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। युवक के धराशाई होते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम को भेज दिया है।। पीड़ित पक्ष की ओर से सदर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
दरअसल, यह घटना संभल जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चौधरी सराय की है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात सरवर नामक युवक अपने एक रिश्तेदार आबिद के साथ इलाके में लगे नेजा मेला में जा रहा था। इसी बीच आबिद की उसके मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने से पहले ही सरवर मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाते हुए शांत करा दिया। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए।
मामला शांत होने के बाद युवक को घेरते हुए पीट-पीटकर मार डाला
आरोप है कि मामला शांत होने के कुछ देर बाद वे लोग वापस पहुंचे और समझौता कराने वाले सरवर को घेरते हुए पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने सरवर की जमक पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी सरवर को वहीं लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में सरवर को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सरवर ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आक्राेशित लोगों को कराया शांत
सरवर की हत्या की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। इसकी सूचना मिलते ही सीआई जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत कराया। एसपी संभल चक्रेश मिश्र ने बताया कि मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट में बीच-बचाव कराने पहुंचे युवक सरवर की पीट-पीटकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।
Published on:
31 Mar 2022 01:52 pm
बड़ी खबरें
View Allसम्भल
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
