जानकारी के अनुसार, थाना खोड़ा कॉलोनी क्षेत्र के लोधी चौक पर एक खाबो रेस्टोरेंट है। इस रेस्टोरेंट पर मूलरूप से नेपाल का रहने वाला दीपक बहादुर बावर्ची का कार्य करता है और रेस्टोरेंट के ऊपरी मंजिल पर वह अपने परिवार के साथ रहता है। दीपक बहादुर की 23 वर्षीय पत्नी सुंतला रेस्टोरेंट में साफ सफाई का कार्य करती थी। बुधवार को जब रेस्टोरेंट के बाहर नाले के किनारे वह सफाई कर रही थी। इसी दौरान सुंतला का पैर फिसला और वह करीब 8 फीट गहरे नाले में जा गिर गई। जिस वक्त वह नाले में गिरी तो उसे किसी ने नहीं देखा। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने नाले में अचानक तेज बुलबुले निकलते देखे तो उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। लोगों ने देखा तो नाले में एक महिला गिरी हुई थी, जिसे आनन-फानन में बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।