6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महाकुंभ के कारण एमपी के मैहर और चित्रकूट में उमड़ पड़े लाखों श्रद्धालु

mahakumbh: गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के तीर्थयात्री महाकुंभ के दौरान प्रयागराज जाते हुए रास्ते में मैहर और चित्रकूट में भी दर्शन करने रुक रहे हैं।

2 min read
Google source verification

सतना

image

Manish Geete

Jan 31, 2025

huge crowd gathered in Maihar and Chitrakoot of Madhya Pradesh

mahakumbh: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ का असर अब मैहर और चित्रकूट तीर्थ क्षेत्र पर भी दिखाई दे रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के तीर्थयात्री महाकुंभ के दौरान प्रयागराज जाते हुए रास्ते में मैहर और चित्रकूट में भी दर्शन करने रुक रहे हैं। खासकर सतना जिले के चित्रकूट में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। मौनी अमावस्या के बाद चित्रकूट का नजारा दीपावली के मेले जैसा नजर आ रहा है। महाकुंभ से लौटते तीर्थयात्री चित्रकूट के विभिन्न रास्तों से आ रहे थे।

प्रशासन के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को ही करीब साढ़े तीन से चार लाख श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे। इन श्रद्धालुओं ने मां मंदाकिनी नदी में स्नान कर भगवान कामतानाथ के दर्शन किए और कामदगिरि की परिक्रमा की। चित्रकूट में श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्रद्धालु निजी साधनों, ट्रेनों और रोडवेज बसों के अलावा पैदल भी धर्मनगरी पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत साढ़े चार सौ पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। यही क्रम शुक्रवार को भी जारी रहा।

एएसपी शिवेंद्र सिंह ने बताया कि वसंत पंचमी तक श्रद्धालुओं का तांता लगे रहने की उम्मीद है, और सुरक्षा व्यवस्था पहले जैसी ही बनी रहेगी। यूपी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर क्राउड मैनेजमेंट किया गया, जिससे भारी भीड़ के बावजूद किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं हुई।

मैहर में रात 8 बजे तक 1.87 लाख भक्त पहुंचे

मां शारदा की धर्मनगरी मैहर में इस समय नवरात्र का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को यहां भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। पुलिस के अनुसार, ट्रेन, बस और निजी वाहनों से करीब दो लाख भक्तों ने दर्शन किए, जिनमें से रात 8 बजे तक 1 लाख 87 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर के दर्शन किए।

पैदल सीढिय़ों से 1 लाख 74 हजार 298, रोपवे से 8500 और वैन से करीब 4500 दर्शनार्थी शारदा मंदिर पहुंचे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर के पट बंद होने का समय बढ़ाकर सवा 11 बजे रात किया गया। तीन दिन में चार लाख से ज्यादा दर्शनार्थी मैहर पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि प्रयागराज से लौटते श्रद्धालुओं के कारण आने वाले दिनों में भी भीड़ बनी रहने की संभावना है। जाम से बचने के लिए शहर के बाहर अस्थायी पार्किंग बनाए गए हैं।