
सतना। जिला क्रिकेट संघ (डीसीए) सतना का विवाद अब एक नए मोड़ में आ गया है। संघ के विवाद को सुलझाने के लिए जिस तदर्थ समिति का गठन किया गया था, उसके सदस्य ही विवादों में घिर गए हैं। इनकी विवादित गतिविधियों को मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) ने आड़े हाथ लिया। एमपीसीए के निर्देश पर रीवा डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) ने तदर्थ समिति के सदस्य विकल्प सिंह, राजेश कैला और रतन श्रीवास्तव को दायित्व मुक्त कर दिया है। इसके साथ ही इन तीनों को अवैधानिक गतिविधियों में लिप्त होने के कारण अगले एक वर्ष तक संभागीय क्रिकेट एसोसिएशन की किसी भी गतिविधियों के दायित्व के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि पूर्व निर्धारित तारीख 3 मई को ही डीसीए की वार्षिक आम सभा और चुनाव होगा।
त्यागपत्र किया अमान्य, दिखाया बाहर का रास्ता
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने 30 अप्रैल को रीवा डिवीजनल क्रिकेट एसोसिएशन को निर्देशित किया था कि तदर्थ समिति सतना से राजेश कैला, रतन श्रीवास्तव एवं अधिवक्ता विकल्प सिंह को हटा दिया जाए। इसके पहले की इन्हें हटाने की कार्यवाही आरडीसीए करता, तदर्थ समिति के तीनों सदस्यों ने सामूहिक त्यागपत्र भेज दिया। इस मामले में आरडीसीए के मानसेवी सह सचिव अनुराग सेठी ने एमपीसीए को बताया कि त्यागपत्र में किसी के हस्ताक्षर नहीं थे। त्यागपत्र में कई गतिविधियों का आरोप तदर्थ समिति के अन्य सदस्यों पर लगाए गए हैं, जो उचित नहीं है। साथ ही कहा कि कोई भी त्यागपत्र सशर्त नहीं दिया जा सकता है। इसलिए त्यागपत्र को मान्य नहीं किया गया और एमपीसीए के निर्देशों के पालन में तीनों सदस्यों को तदर्थ समिति के दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।
29 अप्रेल की बैठक से बिगड़ी स्थिति
यूं तो डीसीए सतना की तदर्थ समिति का विवाद काफी समय से चल रहा था लेकिन विवाद पर निर्णायक स्थिति 29 अप्रेल को तदर्थ समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद बनी। इस बैठक में निर्णय लिया गया था कि 3 मई को चुनाव कराने संबंधी 13 अप्रेल को जारी चुनाव अधिसूचना निरस्त की जाती है। कहा गया कि इस अधिसूचना का कोई विधिक औचित्य नहीं है। यह भी निर्णय लिया गया कि चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ कराने के पहले नये सदस्यों के आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे तथा एक वैध पारदर्शी मतदाता सूची तैयारी की जाएगी। इसके बाद चुनाव तिथि घोषित की जाएगी। इसके अलावा भी कई निर्णय लिए गए।
भड़का एमपीसीए, कार्रवाई के दिए निर्देश
29 अप्रेल को तदर्थ समिति की बैठक के बाद एमपीसीए का पारा हाई हो गया। इस मसले को लेकर एमपीसीए ने कहा कि 11 अप्रेल को स्पष्ट कर दिया गया था कि राजेश कैला, रतन श्रीवास्तव और विकल्प सिंह केवल क्रिकेट संबंधी गतिविधियों का प्रबंधन करेंगे, लेकिन इन्होंने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कार्य किए। ये तीनों लोग चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इनकी ओर से 28 अप्रेल को एमपीसीए को एक विधिक नोटिस भी दिया दिया गया जिसका जवाब भी दे दिया गया है। इसके साथ ही एमपीसीए ने इन तीनों को तदर्थ समिति से स्थाई रूप से हटाने के निर्देश आरडीसीए को दिए। साथ ही एमपीसीए ने आरडीसीए को यह भी चेतावनी दे दी कि अगर तत्काल इन तीनों पर कार्यवाही नहीं की जाती है तो आरडीसीए की एमपीसीए से संबद्धता निलंबित कर दी जाएगी।
Updated on:
02 May 2026 11:25 am
Published on:
02 May 2026 11:24 am
