7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SATNA: नगर निगम क्षेत्र के हर घर में होगी अब कोरोना की स्क्रीनिंग

नगर निगम सहित सतना जिले के सभी नगरीय निकायों में कोरोना की डोर टू डोर स्क्रीनिंग की तैयारी जो इंदौर भोपाल अब स्थिति बिगड़ने पर कर रहे वह सतना पहले ही कर लेगा जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने लिया निर्णय

3 min read
Google source verification
Door to door screening of Corona will be held in all the urban bodies

Door to door screening of Corona will be held in all the urban bodies

सतना। भले ही सतना जिले में अभी तक एक भी कोरोना पॉजेटिव नहीं मिला है लेकिन इसकी संभावना को भी न्युनतम करने के लिये जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने व्यापक जनहित में एक बड़ा निर्णय लिया है। जो काम अभी इंदौर और भोपाल में हो रहा है वह अगले दो-तीन दिन में नगर निगम सहित सतना जिले के सभी नगरीय निकायों में प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिये सभी नगरीय निकायों में घर-घर जाकर कोरोना की स्क्रीनिंग की जाएगी और कहीं थोड़ी सी भी संभावना होगी उसका सैम्पल लिया जाएगा। इस कवायद के पीछे की यह मंशा है कि अगर कहीं थोड़ी भी संभावना है तो उसे तत्काल इलाज तो मुहैया कराया ही जाए साथ ही संक्रमण को आगे बढ़ने से भी रोका जाए। इसके लिये शुक्रवार से ही तैयारी शुरू कर दी गई है और शुरुआत कहां से होनी है इसका ब्लू प्रिंट तैयार हो रहा है।

इन्होंने लिया निर्णय

कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में एसपी रियाज इकबाल, निगमायुक्त अमनवीर सिंह, जिपं सीईओ ऋजु बाफना सहित अन्य अधिकारी और आमंत्रित सदस्य बिरला हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ संजय माहेश्वरी मौजूद रहे। बैठक में लॉक डाउन के दौरान अब तक किये गये उपायों और उसके प्रभावों पर चर्चा की गई। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभी तक जिले में एक भी केस न होना काफी अच्छी बात है लेकिन जिस तरीके से बाहर से लोग आ रहे हैं ऐसे में यह आशंका जो बनी रहती है कि कोई संक्रमित न हो। इसको लेकर यह निर्णय लिया गया कि कोई केस सामने आए उससे पहले ही खोज कर उसे आगे बढ़ने से रोक दिया जाए। इसके लिये नगरीय निकायों में घर-घर जाकर स्क्रीनिंग का निर्णय लिया गया। हालांकि यह काफी बड़ा और उबाऊ काम है फिर भी व्यापक जनहित को देखते हुए इसे प्रारंभ करने की सहमति बन गई।

घनी आबादी और संभावित क्षेत्रों से होगी शुरूआत

इस स्क्रीनिंग की शुरुआत उन इलाकों से होगी जहां घनी आबादी है या फिर जहां बाहर से आने वाले वाले लोगों की संख्या ज्यादा होने से वे संभावित क्षेत्रों में शामिल हैं। माना जा रहा है कि शुरुआत धवारी, महदेवा, सिंधी कैम्प, नजीराबाद, नई बस्ती इलाके से हो सकती है।

भयभीत होने की जरूरत नहीं

यह एक सामान्य स्क्रीनिंग होगी। इससे किसी को भयभीत होने की जरूरत नहीं हैं। स्क्रीनिंग में अलग-अलग टीम काम करेंगी। टीम में पुलिस, मेडिकल और संबंधित नगरीय निकाय के लोग शामिल रहेंगे। किस क्षेत्र में स्क्रीनिंग होगी उसकी सूचना पहले से दे दी जाएगी। यह सामान्य परीक्षण होगा। टीम जाकर संबंधित घर में कुछ सवाल पूछेगी। जिसमें किसी को कोरोना के लक्षण तो नहीं है, कोई बाहर से तो नहीं आया है, या किसी को खुद में तो शंका नहीं है कि उसकी तबियत खराब है आदि। इसके अलावा आस पड़ोस में तो कोई बाहर से नहीं आया या उसकी तो तबियत खराब नहीं है। यह सामान्य सवाल जवाब होंगे जिसे पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। इतना ही संक्रमण मिलने पर भी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बचाव का सबसे सही तरीका

कोरोना से बचाव का यह सबसे सही तरीका है कि उसे बाहर आने से पहले ही खोज कर नियंत्रित कर लिया जाए। सभी निकायों में स्क्रीनिंग में कोई घर नहीं छोड़ा जाएगा। अगर किसी का छूटता है तो संबंधित खुद आगे आकर इसकी जानकारी दे सकता है। इसके बाद उसके यहां भी स्क्रीनिंग हो जाएगी।

अब बिरला में नहीं होगी सर्दी खांसी की जांच

टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में बिरला हास्पिटल के डॉ संजय माहेश्वरी ने बताया कि निजी अस्पतालों में अभी लोग बुखार, सर्दी, खांसी और कफ जनित बीमारियों की जांच के लिए आ रहे हैं। इस पर डीएम ने इस पर रोक लगाते हुए एक आदेश भी जारी कर दिया है कि अब से बिड़ला अस्पताल में बुखार, सर्दी, खांसी व कफ जनित रोगों की जांच नहीं होगी। यह जांच सिर्फ जिला अस्पताल या अन्य शासकीय प्राथमिक अस्पतालों में होगी।

समन्वय पर चर्चा

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कुछ मामलों में पुलिस और अन्य विभागों के बीच समन्वय का अभाव है। इसका निराकरण किया गया साथ ही समन्वय के बीच सूचना तंत्र सुदृढ़ करने पर भी कई निर्णय लिये गए। व्यापारी भी सहयोग के लिये तैयार टास्क फोर्स कमेटी के आमंत्रित सदस्य योगेश ताम्रकार ने व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि लॉक डाउन से व्यापार को नुकसान तो हो रहा है लेकिन जिस तरीके की यह आपदा है व्यापारी प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और लॉक डाउन के पूरी तरह समर्थन में हैं।