8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SATNA: अब बिना पात्रता पर्ची वाले गरीबों को भी मिलेगा नि:शुल्क राशन, 74 हजार लोगों को मिलेगा लाभ

373695 मीट्रिक टन खाद्यान्न का कलेक्टर ने जारी किया आवंटन

2 min read
Google source verification
Now the poor people without eligibility slip will also get free ration

Now the poor people without eligibility slip will also get free ration

सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार कोरोना संकट के चलते प्रदेश के 32 लाख ऐसे व्यक्तियों को भी नि:शुल्क राशन प्रदाय किया जाएगा, जिनके पास राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्रता पर्चियां नहीं हैं। इन्हें एक माह का नि:शुल्क उचित मूल्य राशन राज्य सरकार के कोटे से प्रदाय किया जाएगा। राशन के अंतर्गत इन्हें चार किलो गेहूं एवं एक किलो चावल प्रति व्यक्ति प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बताया कि सतना जिले में 74739 ऐसे व्यक्ति हैं, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत निर्धारित 25 पात्रता श्रेणियों में तो आते हैं, परंतु उन्हें वर्तमान में उचित मूल्य राशन प्राप्त करने की पात्रता नहीं है, लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत इन्हे राशन मिलेगा।

इसलिए लिया निर्णय

भारत सरकार द्वारा वर्ष 2014-15 में प्रदेश में योजना के अंतर्गत पात्रता पर्चीधारियों की संख्या निर्धारित किए जाने से काफी संख्या में गरीब और बीपीएल राशन कार्ड धारियों को भी राशन की पात्रता नहीं थी। कोरोना लॉक डाउन में इनके सामने भोजन का संकट आ गया था। अब राज्य शासन ने इन्हें अपने कोटे से एक माह का नि:शुल्क राशन दिए जाने का निर्णय लिया है। अच्छी बात यह है कि राज्य के समग्र सामाजिक सुरक्षा पोर्टल पर इनका नाम दर्ज है।

20729 परिवारों को मिलेगा लाभ

खाद्यान्न वितरण के लिए जिले 20729 परिवारों को राज्य स्तर से 298956 मीट्रिक टन गेहूं तथा 74739 टन चावल का कोटा जारी किया जा चुका है। इसके साथ ही परिवहनकर्ताओं को भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि खाद्यान्न तत्काल प्रभाव से वितरित होना सुनिश्चित करें।

किसी भी नजदीकी दुकान से प्राप्त कर सकेंगे राशन

बिना पात्रता पर्ची वाले सभी व्यक्ति सुविधानुसार अपने आस-पास की किसी भी उचित मूल्य दुकान से यह राशन प्राप्त कर सकेंगे। वर्तमान में कोरोना संकट के मद्देनजर कलेक्टर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे राशन वितरण में सोशल डिस्टेंसिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक उपायों का कड़ाई से पालन कराएं। हितग्राहियों से कहा गया है कि वे बारी-बारी से राशन प्राप्त करें तथा राशन दुकानों पर एक-दूसरे की बीच दूरी कायम रखते हुए भीड़ न लगाएं। इन सभी हितग्राहियों की सूची समग्र पोर्टल पर डीएसओ लॉगिन में उपलब्ध है।