
चुनावी ट्रेनिंग लेने पहुंचा नशे में धुत शिक्षक, मचाने लगा उत्पात, अब कलेक्टर ने लिया बड़ा एक्शन
सतना. इन दिनों पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की व्यवस्था और मतदान को लेकर सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों की ट्रेनिंग चल रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के सतना में ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान नशे की हालत में पहुंचकर उत्पात मचाना एक शिक्षक को महंगा पड़ गया। अब सतना कलेक्टर ने नशेड़ी शख्स के खिलाफ एक्शन लेते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतना अनुराग वर्मा ने संकुल केंद्र शासकीय हाई स्कूल गौहानी के माध्यमिक शिक्षक पुष्पेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। दरअसल, नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के लिए मतदान दलों का 27 जून को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझगवां में प्रशिक्षण आयोजित हुआ था। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक ने किसी तरह की ट्रेनिंग में भाग तो लिया नहीं और प्रशिक्षण में भी बाधा डाली।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
आपको बता दें कि, माध्यमिक शिक्षक पुष्पेंद्र सिंह को चुनाव आयोग द्वारा मतदान दल कोड क्रमांक 1430 में पीठासीन अधिकारी के रुप में तैनात करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाना था। हालांकि, शिक्षक ट्रेनिंग लेने तो पहुंचे पर उस दौरान वो पूरी तरह नशे में धुत्त थे। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो इस दौरान न तो वो खुद ट्रेनिंग ले रहे थे और न ही अन्य लोगों को ट्रेनिंग लेने दे रहे थे। हालांकि, मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंची तो कलेक्टर ने एसडीएम मझगवां को जांच के आदेश दिए।
नशेड़ी शिक्षक के खिलाफ एक्शन
उपखंड मजिस्ट्रेट के प्रतिवेदन पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने और आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर माध्यमिक शिक्षक गौहानी पुष्पेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया। पुष्पेंद्र सिंह को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 13‘ग’ और मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 में दोषी मानते हुए कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी सतना का कार्यालय नियत कर दिया है।
यहां मतदाताओं को रिझाने के लिए बांटी जा रही साड़ियां, देखें वीडियो
Updated on:
29 Jun 2022, 1:02 PM IST
Published on:
29 Jun 2022, 1:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.