
जिला पंचायत अधीक्षक से महिलाओं ने की मारपीट, दफ्तर में घुसकर पीटा, VIDEO
रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम जिला पंचायत कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब यहां प्रभारी जिला पंचायत अधीक्षक के साथ कुछ महिलाओं ने हाथों की ही नहीं बल्कि चप्पलों की भी बरसात कर दी। बताया जा रहा है कि, दफ्तर में महिलाएं ये शिकायत लेकर पहुंची थी कि, यहां सफाई करने वाले कर्मचारी की दफ्तर द्वारा सैलरी क्यों काटी गई है। इसी को लेकर उनका विवाद जिला पंचायत अधीक्षक शाकिर हुसैन मंसूरी से हो गया, जो देखते ही देखते इतना बढ़ा कि, सफाई कर्मी के साथ आईं दो महिलाओं ने चप्पल उतारकर अधिकारी के साथ मारपीट कर दी। मारपीट का एक वीडियो पत्रिका के पास आया है।
जिला पंचायत अधीक्षक शाकिर हुसैन मंसूरी के साथ मारपीट के बाद दोनों महिलाएं सफाई कर्मी को लेकर स्टेशन रोड पुलिस थाने भी पहुंच गईं, जहां उन्होंने जिला पंचायत अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। वहीं, दूसरी तरफ वीडियो के आधार शाकिर हुसैन ने भी महिलाओं के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करा दिया है।
सफाई के लिए कर्मचारी को टोकना पड़ा भारी
आपको बता दें कि, शाकिर हुसैन मंसूरी जिला पंचायत कार्यालय में मूल रूप से सहायक सांख्यकी अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं, लेकिन हालही में उन्हें प्राभारी अधीक्षक के पद पर सेवारत किया है। घटनाक्रम को लेकर एस.एच मंसूरी का कहना है कि, दफ्तर के सफाई कर्मी ठीक ढंग से सफाई कार्य नहीं करते, आए दिन उनकी शिकायतें सामने आती रहती हैं। कई बार मॉनिटरिंग करने पर उनकी लापरवाहियां स्वयं ही देखी हैं। उनके अपने काम के प्रति इसी उदासीन रवैय्ये को देखते हुए मेरी ओर से नाराजगी जाहिर की गई थी। वो अपने काम को लेकर गंभीर हों, इसी लिए उनका वेतन काटा गया, लेकिन अपनी लापरवाही से सबक लेने के बजाय वो अपने घर से महिलाओं को लाए और मेरे साथ मारपीट की।
लंबे समय से काटा जा रहा है वेतन
वहीं, दूसरी तरफ सफाई कर्मी धर्मेंद्र का कहना है कि, कार्यालय से अकसर ही उनका वेतन काटा जा रहा है। इस संबंध में कई जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन इसपर प्रतिक्रिया देने को तैयार नहीं रहता। सफाई कर्मी का आरोप है कि, इसी फरियाद को लेकर आईं महिलाओं ने वेतन काटने का कारण जानना चाहा तो जिला पंचायत अधीक्षक ने उनके साथ बदसुलूकी की है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हालांकि, घटना के बाद दोनों ही पक्ष थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं तो मारपीट की घटना के बाद जिला पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्टेशन रोड पुलिस का कहना है कि, दोनों पक्षों की तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच शुरु कर दी गई है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
28 Jun 2022, 4:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.